• Last Update 05:37 am

J&K: लद्दाख में सीमा विवाद, अगले हफ्ते आठवीं बार होगी भारत-चीन के बीच सैन्य स्तर की वार्ता
National

J&K: लद्दाख में सीमा विवाद, अगले हफ्ते आठवीं बार होगी भारत-चीन के बीच सैन्य स्तर की वार्ता

नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच लद्दाख में लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए अगले हफ्ते सैन्य स्तर की आठवीं बार बातचीत होगी। इस बार लेफ्टिनेंट जनरल पी.जी.के मेनन भारत की ओर से बातचीत का नेतृत्व करेंगे, जबकि विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव नवीन श्रीवास्तव भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहेंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह का भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में तबादला होने के बाद, मेनन ने अक्टूबर के मध्य में 14 कोर कमांडर का कार्यभार संभाला, जहां वो सेना के अधिकारियों के प्रशिक्षण के प्रभारी होंगे।

इससे पहले दोनों देशों के सैन्य कमांडरों ने भारत-चीन सीमा पर छह महीने से चल रहे गतिरोध को हल करने के लिए सात बार मुलाकात की थी। अंतिम बैठक 12 अक्टूबर को हुई थी, जिसमें भी कोई फैसला नहीं निकल पाया था। बैठक के बाद, भारतीय सेना ने एक बयान जारी कर कहा था कि दोनों पक्षों ने भारत-चीन सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर फोर्स की तैनाती कम करने को लेकर रचनात्मक बातचीत की।

सेना ने ये भी कहा था कि दोनों पक्ष सैन्य और राजनयिक चैनलों के माध्यम से बातचीत जारी रखने के लिए सहमत हैं, और जितनी जल्दी हो सके फोर्स कम करने पर राजी हो जाएंगे।

30 अगस्त को, भारत ने पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे पर स्थित महत्वपूर्ण पहाड़ी ऊंचाइयों -- रेचन ला, रेजांग ला, मुकर्पी और टेबोप पर कब्जा कर लिया था, जो तब तक मानव रहित थे। भारत ने ब्लैकटॉप के पास कुछ फोर्स की तैनाती भी की है।अब, इन चोटियों पर कब्जे से भारत, चीनी नियंत्रण वाले स्पंगुर दर्रे और मोल्डो गैरिसन पर नजर रख सकता है।

भारत और चीन के बीच सीमा पर पिछले छह महीने से गतिरोध बना हुआ है। कई स्तरों की बातचीत के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments