
नई दिल्ली। अमेरिका के बाद 90 लाख कोविड-19 मामलों को दर्ज करने वाला भारत दुनिया का दूसरा देश बन गया है। 80 लाख से 90 लाख के निशान को पार करने में 22 दिन लगे। भारत में बीते 24 घंटे में कोरोनावायरस के 45,882 मामले सामने आए हैं और 584 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 90,04,366 हो गई है। अब तक कुल 1,32,162 लोग वायरस से अपनी जान गवा चुके हैं। देश में एक्टिव मामलों की संख्या 4,43,794 है। पिछले 24 घंटे में 44,807 मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए। इसी के साथ कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 84,28,410 हो गई है।
महाराष्ट सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य
कोराना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से महाराष्ट्र अभी भी सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है। राज्य में गुरुवार को 5535 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5860 लोग रिकवर हुए और 154 की मौत हो गई। अब तक 17 लाख 63 हजार 55 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 79 हजार 738 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 16 लाख 35 हजार 971 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 46 हजार 356 हो गई है।
वहीं दिल्ली में भी कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में गुरुवार को 7546 लोग संक्रमित मिले। 6685 लोग रिकवर हुए और 98 की मौत हो गई। अब तक 8 हजार 41 लोग जान गंवा चुके हैं। संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर 5 लाख 10 हजार 630 हो गई है। इनमें 43 हजार 221 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 59 हजार 368 लोग ठीक हो चुके हैं।
दिल्ली सरकार ने 90 प्राइवेट अस्पतालों के 60% बेड्स को कोविड-19 मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया है। 42 अन्य अस्पतालों के 80% ICU/HDU बेड्स को भी कोविड मरीजों के लिए रिजर्व रखने का आदेश जारी कर दिया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि सभी अस्पतालों में इसका पालन करना होगा। दिल्ली में कोरोना के कहर तो देखते हुए मास्क न पहनने वालों पर जुर्माना 500 से बढ़ाकर 2000 कर दिया गया है।v
Leave Comments