
नई दिल्ली, 22 दिसंबर, न्यूज़ मंच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। जयपाल रेड्डी ने कहा पर्रिकर नैतिकता की बात करते हैं, लेकिन स्वयं ही उसका मजाक भी उड़ाते हैं। वह जोंक की तरह कुर्सी से चिपके हैं। रेड्डी ने सवाल किया, भला जोंक की तरह कुर्सी से चिपके रहने में क्या नैतिकता है?
कुर्सी बचने के लिए राफेल पर पीएम को कर रहे ब्लैकमेल
रेड्डी ने आरोप लगाया कि वह गोवा में मुख्यमंत्री की अपनी कुर्सी बचाए रखने के लिए राफेल लड़ाकू विमान सौदा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘ब्लैकमेल' करने की कोशिश कर रहे हैं। जयपाल रेड्डी ने मडगांव में पार्टी की ‘जन आक्रोश' रैली के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। गोवा में शासन की ‘बहाली' की मांग को लेकर कांग्रेस समूचे राज्य में जनाक्रोश रैली का आयोजन कर रही है।
पार्टी का दावा है कि पर्रिकर की खराब सेहत के कारण प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हुआ है। रेड्डी के बयान पर प्रतिक्रिया करते हुए भाजपा ने कहा सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस संबंध में फैसला सुनाए जाने के बाद भी कांग्रेस राफेल मुद्दे पर बेवजह बवाल मचने की कोशिश कर रही है।
उच्चतम न्यायालय ने 14 दिसंबर को मोदी सरकार को दी क्लीनचिट
बता दें कि, उच्चतम न्यायालय ने फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीद मामले में 14 दिसंबर को नरेंद्र मोदी सरकार को क्लीनचिट दे दी और इस सौदे में कथित अनियमितताओं के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए निर्देश देने की मांग वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया था।
शीर्ष अदालत ने कहा अरबों डॉलर के राफेल सौदे में फैसला लेने की प्रक्रिया पर संदेह करने की कोई वजह नहीं है। पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने पर्रिकर के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि वह ‘जोंक की तरह' मुख्यमंत्री की कुर्सी से ‘चिपके' हुए हैं।
इनकी उपस्थिति में रेड्डी ने दिया ये बयान
प्रदेश प्रमुख गिरीश चोडंकर, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत, रवि नाईक, फ्रांसिस्को सरदिन्हा एवं कांग्रेस के अन्य नेताओं की मौजदूगी में रेड्डी ने कहा मैं जानता हूं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्लैकमेल करने की स्थिति में हैं। हमें यह समझने की कोशिश करनी चाहिए कि क्या वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को ब्लैकमेल कर रहे हैं? गोवा के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के पहले वह मोदी कैबिनेट में रक्षामंत्री थे।
Leave Comments