
मुंबई। कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के ड्रग्स कनेक्शन को लेकर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने नाराजगी जताई थी। अब अब जॉनी लीवर ने भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया की गिरफ्तारी और ड्रग्स के सेवन पर अपनी राय रखी है। जॉनी लीवर ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में कहा, 'मैं भारती और हर्ष से सिर्फ एक बात कहना चाहूंगा। जब आप लोग बाहर आओ तो साथ काम करने वाले छोटे और बड़े हर आर्टिस्ट से गुजारिश करना कि वो ड्रग्स का सेवन न करें।'
जॉनी लीवर ने कहा, 'संजय दत्त को देखो, उन्होंने दुनिया के सामने कुबूल किया कि ड्रग्स लेते थे और कैसे उन्होंने इससे छुटकारा पाया। इससे बड़ा और क्या उदाहरण होगा? अपनी गलती स्वीकारो और ड्रग्स छोड़ने की कसम खाओ। इस केस के लिए तुम्हें कोई फूलों का गुलदस्ता देने नहीं आएगा।' जॉनी लीवर ने कहा अब ड्रग्स का सेवन वैसा ही है जैसे पहले के दिनों में शराब का सेवन हुआ करता था। शराब बहुत ही आसानी से मिल जाती थी और बहुत पार्टियां होती थीं। मैंने भी शराब पीने की गलती की है, लेकिन जब मुझे एहसास हुआ कि शराब मेरे टैलेंट और क्रिएटिवटी को खराब कर रही है तो मैंने पीना छोड़ दिया।'
जॉनी लीवर ने कहा, आज के समय में क्रिएटिव लोगों का ड्रग्स लेना हद से आगे निकल चुका है और अगर आप ड्रग्स लेते हुए पकड़े गए तो सोचिये आपके घरवालों पर क्या बीतेगी, जो आपकी कहानी टीवी पर देख रहे हैं। अगर यह ड्रग्स लेने का सिलसिला ऐसे ही चलता रहा तो पूरी इंडस्ट्री खराब हो जाएगी। जॉनी लीवर ने कहा कि इसीलिए वह छात्रों से कहते हैं कि ड्रग्स जैसी चीजों से दूर रहें। क्योंकि जेल जाओगे और जेल हम जैसे क्रिएटिव लोगों के लिए सही जगह नहीं है।
ड्रग्स लेना कमजोरी की निशानी है और यह सिर्फ आपकी सेहत और नाम ही खराब होता है। यह आपका करियर भी खराब करता है. हम सीनियर्स के अलावा उन लोगों को भी हमारे जूनियर्स को ड्रग्स के सेवन के प्रति समझाने की जरूरत है जिन्होंने खुद कुबूल किया है. नहीं तो हमारी इंडस्ट्री खराब हो जाएगी। जॉनी ने अपने शराब पीने के बारे में एक किस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जब सिंगिंग डुओ कल्याण जी आनंद जी के कल्याण जी को जब पता चला कि मैं शराब पीता हूं तो उन्होंने मुझे कहा- जॉनी भाई शराब मत पियो। टैलेंट में इतना नशा है उसे पियो।
बता दें कि भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के घर पर ड्रग्स मिलने के बाद एनसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था। दोनों ने पूछताछ में ड्रग्स लेने की बात भी कबूल की थी। इसके बाद दोनों को मुंबई के किला कोर्ट ने ड्रग्स केस में न्यायिक हिरासत में रखने का फैसला सुनाया हैय़ हालांकि भारती और हर्ष ने कोर्ट में अपनी बेल की अर्जी डाल दी है। इसकी सुनवाई सोमवार को होगी।
Leave Comments