
भोपाल। विधानसभा उपचुनाव वाले मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह द्वारा सरकारी अधिकारियों एवं चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की शिकायत की। साथ ही कांग्रेस नेताओं द्वारा सरकारी कर्मचारियों पर अपमानजनक टिप्पणी करने की शिकायत करते हुए कमल नाथ और दिग्विजय सिंह के चुनाव प्रचार पर रोक लगाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने एक अन्य शिकायत पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव एवं पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के खिलाफ की, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए उन पर तथ्यहीन, झूठे आरोप लगाए जाने का जिक्र है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा का कहना है कि कांग्रेस पार्टी को न न्यायालय पर विश्वास है, न चुनाव आयोग पर। संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। कमल नाथ और दिग्विजय सिंह ने जिस तरह से प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को धमकाया है, जिस तरह से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पर दबाव बनाने का प्रयास किया है, यह एक आपराधिक कृत्य है और भाजपा इन नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।
Leave Comments