
मुंबई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी को लेकर आमने-सामने हैं। सीएम योगी आज मुंबई में फिल्म सिटी के इनवेस्टर के साथ बैठक करेंगे। नोएडा में फिल्म सिटी बनाने की कवायद से सीएम उद्धव ठाकरे नाराज दिखाई दे रहे हैं।
इंडियन मर्चेंट ऑफ चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स में बात करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, महाराष्ट्र मैग्नेटिक राज्य है। उद्योगपतियों में आज भी महाराष्ट्र का आकर्षण कायम है। राज्य का कोई भी उद्योग बाहर नहीं जाएगा, बल्कि अन्य राज्यों के उद्योगपति भी महाराष्ट्र में उद्योग लगाने के लिए आएंगे। राज्य के उद्योग राज्य में ही रहेंगे।
उद्धव ठाकरे ने कहा, कम्पटीशन होना अच्छी बात है, लेकिन चिल्लाकर, धमकाकर कोई लेकर जाना चाहेगा तो मैं वो होने नहीं दूंगा। आज भी कुछ लोग आपसे मिलने आएंगे और कहेंगे कि हमारे यहां आ जाओ। सीएम योगी आदित्ययाथ का नाम लिए बिना उद्धव ठाकरे ने कहा, 'दम हैं तो यहां के उद्योग को बाहर लेकर जाएं।'
शिवसेना नेता संजय राउत ने भी कहा कि मैंने देखा कि योगी जी मुंबई में किसी 5 स्टार होटल में अक्षय कुमार के साथ बैठे हैं शायद अक्षय जी आम की टोकरी लेकर गए होंगे। मुंबई की फिल्म सिटी को कोई यहां से ले जाने की बात अगर करता है तो पहले योगी जी ये बताएं कि नोएडा फिल्म सिटी की अभी क्या हालत है?
बता दें कि मंगलवार को अभिनेता अक्षय कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। योगी आदित्यनाथ मुंबई में हैं और अभिनेता ने उनके साथ अपनी आगामी फिल्म राम सेतु पर चर्चा की। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, अभिनेता ने मंगलवार रात मुंबई के ट्राइडेंट होटल में रात के खाने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुंबई में कई फिल्मी हस्तियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने सामाजिक संदेश के साथ फिल्में बनाने की अक्षय के प्रयासों की सराहना की। वहीं अभिनेता ने भी उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने राज्य में कई फिल्मों की शूटिंग की है
आदित्यनाथ ने अभिनेता को उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी स्थापित करने के प्रस्ताव के बारे में भी बताया। उप्र के मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में सुभाष घई, बोनी कपूर, राजकुमार संतोषी, सुधीर मिश्रा, रमेश सिप्पी, तिग्मांशु धूलिया, मधुर भंडारकर, उमेश शुक्ला, टी-सीरीज के प्रमुख भूषण कुमार, पेन स्टूडियो के जयंतीलाल गडा और निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर सहित कई फिल्म निर्माता शामिल हैं।
Leave Comments