
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 12 बजे किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि योजना की 7वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9 करोड़ किसानों के खाते में 18000 करोड़ रुपये भेजे गए। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अलग-अलग प्रदेशों के किसानों से बात करते हुए मोदी ने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं कि नए कृषि कानूनों से आपकी जमीन चली जाएगी। ऐसे लोगों की बातों में नहीं आएं। कुछ नेता किसानों के नाम पर अपना एजेंडा चला रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के किसान गगन पेरिंग से संवाद किया। गगन ने पीएम को बताया कि उन्होंने अपने पैसों का इस्तेमाल ऑर्गेनिक फार्मिंग में किया और मजदूरों को पैसा दिया। पीएम मोदी ने गगन से पूछा कि क्या कंपनी सिर्फ आपकी अदरक ले जाती है या जमीन ही ले जाते हैं।
पीएम मोदी ने इसके अलावा ओडिशा के एक किसान से चर्चा की। उन्होंने इस दौरान किसान क्रेडिट कार्ड को लेकर उनसे बात की और उसके फायदे पूछे। पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी की सरकार ने किसानों को सस्ते में कर्ज देने की शुरुआत की थी, हम उसे आगे बढ़ा रहे हैं।
हरियाणा के किसान हरि सिंह ने पीएम मोदी से संवाद किया। हरि सिंह ने बताया कि पहले वो धान की खेती करते थे, अब बागवानी करते हैं। महाराष्ट्र के किसान गणेश से पीएम मोदी ने संवाद किया। PM मोदी ने किसान से खेती और पशुपालन के अनुभवों को पूछा।
मध्य प्रदेश के किसान मनोज से पीएम मोदी ने संवाद करते हुए उनके अनुभवों को पूछा। मनोज ने बताया कि उन्हें अबतक किसान सम्मान निधि से 10 हजार रुपये मिले हैं। मनोज ने बताया कि उन्होंने इस बार अपनी सोयाबीन एक निजी कंपनी को बेची, जिसमें उन्हें अधिक पैसा मिला और उसी दिन पेमेंट भी मिल गया।
यूपी के किसान रामगुलाब ने पीएम मोदी को बताया कि उन्होंने किसानों का संगठन बनाया है, जो मिलकर काम करते हैं। सभी किसान अलग-अलग तरह की खेती करते हैं। रामगुलाब ने बताया कि उन्होंने अहमदाबाद की कंपनी से एग्रीमेंट किया है, पहले हम बाजार में 10-15 रुपये में फसल बेचते थे, अब 25 रुपये में बेच रहे हैं। रामगुलाब से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग झूठ फैला रहे हैं कि नए कानून से जमीन चली जाएगी।
अब तक किसानों के खाते में ट्रांसफर की गई किस्त
1- पीएम किसान योजना पहली किस्त- फरवरी 2019 में जारी की गई थी
2- पीएम किसान योजना दूसरी किस्त- 2 अप्रैल 2019 को जारी की गई थी
3- पीएम किसान योजना तीसरी किस्त- अगस्त में जारी की गई थी
4- पीएम किसान योजना चौथी किस्त- जनवरी 2020 में जारी की गई
5- पीएम किसान योजना 5वीं किस्त- 1 अप्रैल, 2020 में जारी की गई
6- पीएम किसान योजना छठी किस्त- 1 अगस्त 2020 में जारी की गई
7- पीएम किसान योजना 7वीं किस्त- 25 दिसंबर 2020 में जारी की गई
इस तरह देख सकते हैं लाभार्थियों की सूची
बता दें अभी तक जिन भी किसानों को इस योजना का लाभ सरकार की तरफ से दिया गया है उनके भी नाम राज्य/जिलेवार/तहसील/गांव के हिसाब से देखे जा सकते हैं। सरकार की ओर से सभी लाभार्थियों की पूरी लिस्ट अपलोड कर दी जाती है। इतना ही नहीं आपके आवेदन की स्थिति क्या है। इसकी जानकारी किसान आधार नंबर/ अकाउंट नंबर और मोबाइल नंबर के जरिये भी मालूम कर सकते हैं। अगर आपने इस योजना को फायदा लेने के लिए आवेदन किया है और अब अपना नाम लाभार्थियों की सूची में देखना चाहते हैं तो सरकारी वेबसाइट pmkisan.gov.in पर चेक कर सकते हैं।
Leave Comments