
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का आज 103वां जन्मदिन है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी दादी को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा 'एक कार्यकुशल प्रधानमंत्री और शक्ति स्वरूप श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर श्रद्धांजलि। पूरा देश उनके प्रभावशाली नेतृत्व की आज भी मिसाल देता है लेकिन मैं उन्हें हमेशा अपनी प्यारी दादी के रूप में याद करता हूं। उनकी सिखायी हुई बातें मुझे निरंतर प्रेरित करती हैं।
Shri @RahulGandhi offers his tributes to former Prime Minister Smt Indira Gandhi on her 103rd birth anniversary at Shakti Sthal. #IndiasIndirapic.twitter.com/rP2b2DtCAK
— Congress (@INCIndia) November 19, 2020
रणदीप सुरजेवाल ने भी किया याद
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा, 'विश्व भर में लौह महिला कहलाई जाने वाली, दृढ निश्चय, साहस व अद्भुत क्षमता वाली, भारत की प्रथम व एक मात्र महिला प्रधानमंत्री, श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन। अपनी प्रतिभा व राजनीतिक दृढ़ता के लिए विश्वराजनीति के इतिहास में इंदिरा जी का नाम सदैव याद रखा जाएगा। बता दें कि इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। वह भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री थीं।
कुछ फैसलों को लेकर विवादों में रही इंदिरा
इंदिरा गांधी प्रभावी व्यक्तित्व वाली मृदुभाषी महिला थीं और अपने कड़े से कड़े फैसलों को पूरी निर्भयता से लागू करने का हुनर जानती थीं। फौलादी हौसले वाली इंदिरा गांधी के कुछ फैसलों को लेकर वह विवादों में भी रहीं। इंदिरा गांधी ने 1966 से 1977 के बीच लगातार तीन बार देश की बागडोर संभाली।
उसके बाद 1980 में दोबारा इस पद पर पहुंचीं। 31 अक्टूबर 1984 को पद पर रहते हुए ही उनकी हत्या कर दी गई थी। दरअसल इंदिरा ने जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से आतंकियों को बाहर निकालने के लिए सैन्य कार्रवाई की थी, जिसकी कीमत उन्हें अपने सिख अंगरक्षकों के हाथों जान गंवाकर चुकानी पड़ी थी।
1975 में इमरजेंसी की घोषणा और उसके बाद के घटनाक्रम के लिए भी उन्हें याद किया जाता है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह सबसे विवादस्पद काल था। आपातकाल में चुनाव स्थगित हो गए थे। इंदिरा गांधी सक्रिय राजनीति में अपने पिता जवाहरलाल नेहरू के निधन के बाद आईं। उन्होंने प्रथम बार प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में सूचना और प्रसारण मंत्री का पद संभाला। शास्त्री के निधन के बाद वह देश की तीसरी प्रधानमंत्री चुनी गईं। इंदिरा गांधी को वर्ष 1971 में भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था।
Leave Comments