
नई दिल्ली। पाकिस्तान असेंबली के पूर्व स्पीकर अयाज सादिक के विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर दिए बयान के बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। जेपी नड्डा ने अयाज सादिक का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, कांग्रेस के शहजादे को भारत की किसी भी चीज पर विश्वास नहीं है, चाहे वह सेना हो, सरकार हो या हमारे लोग हों। तो वे अपने ‘सबसे भरोसेमंद देश’ पाकिस्तान की ही सुन लें। उम्मीद है कि अब तो उनकी आंखें खुलेंगी।
नड्डा ने इसे लेकर एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, कांग्रेस अपने ही सशस्त्र बलों को कमजोर करने की मुहिम में लगी रही। कभी उनका मजाक उड़ाती रही तो कभी वीरता पर संदेह करती रही। हर प्रकार की चालबाजी की ताकि सेना को अत्याधुनिक राफेल न मिल सके। लेकिन देशवासियों ने ऐसी राजनीति को नकारकर कांग्रेस को कड़ा सबक सिखाया है।
कांग्रेस के शहजादे को भारत की किसी भी चीज पर विश्वास नहीं है, चाहे वह सेना हो, सरकार हो या हमारे लोग हों। तो वे अपने ‘सबसे भरोसेमंद देश’ पाकिस्तान की ही सुन लें। उम्मीद है कि अब तो उनकी आंखें खुलेंगी... pic.twitter.com/2aXK8ZvAIM
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) October 29, 2020
बता दें कि पाकिस्तान असेंबली के पूर्व स्पीकर और पाकिस्तान मुस्लिम लीग -N (PML-N) के नेता अयाज सादिक ने विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर कहा था, 'उस समय पाकिस्तान को डर था कि कहीं भारत उस पर हमला न कर दे। भारत के हमले की आशंका से उस समय पाकिस्तान के सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के पैर कांप रहे थे और चेहरे पर पसीना आ रहा था। बाजवा को भारत के हमले का डर सता रहा था।'
अयाज सादिक ने कहा, 'विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी कांप रहे थे। अभिनंदन को लेकर वो कह रहे थे कि खुदा के वास्ते उसे जाने दें। पाकिस्तान को डर था कि अगर फायटर प्लेन पायलट अभिनंदन को रात 9 बजे तक रिहा नहीं किया गया तो भारत पाकिस्तान पर हमला करेगा।'
Leave Comments