
मुंबई। इकोनॉमी में सुधार के संकेतों से भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 446.90 अंकों की मजबूती के साथ 45,079.55 के नए रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 126.6 अंकों की बढ़त के साथ 13,258.55 के नए स्तर पर बंद हुआ। वहीं बीएसई मिडकैप सूचकांक बीते सत्र से 75.70 अंकों यानी 0.44 फीसदी की तेजी के साथ 17,389.02 पर बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक 71.75 अंकों यानी 0.42 फीसदी की तेजी के साथ 17,317.29 पर बंद हुआ।
मौद्रिक नीति समीक्षा के नतीजों से बाजार खुश
RBI ने बढ़ती खुदरा महंगाई को देखते हुए मुख्य ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। लिहाजा रेपो रेट 4 फीसदी पर और रिवर्स रेपो रेट 3.35 फीसदी पर बरकरार है। इस फैसले का असर बाजार पर दिखा। पूरे दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 45,148.28 का उच्च स्तर और 44,665.91 का निम्न स्तर छुआ। जबकि निफ्टी का निचला स्तर 13,152.85 और उच्च स्तर 13,280.05 रहा। बीएसई के 30 शेयरों में से 25 शेयरों में तेजी रही, जबकि पांच शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
सबसे ज्यादा तेजी और गिरावट वाले शेयर
सबसे तेजी वाले पांच शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक (4.20 फीसदी), अल्ट्राटेक सीमेंट (4.10 फीसदी), सनफार्मा (3.80 फीसदी), भारती एयरटेल (2.91 फीसदी) और हिंदुस्तान यूनीलीवर (2.85 फीसदी) शामिल रहे। सेंसेक्स के गिरावट वाले पांच शेयरों में रिलायंस (0.86 फीसदी), बजाज फिनसर्व (0.74 फीसदी), एचसीएलटेक (0.34 फीसदी), एचडीएफसी (0.17 फीसदी) और एनटीपीसी (0.10 फीसदी) शामिल रहे। वहीं निफ्टी पर अडाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, हिंडाल्को, सनफार्मा टॉप गेनर्स में और रिलांयस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी लाइफ, बजाज फिनसर्व, बीपीसीएल और एचसीएल टेक टॉप लूजर्स में शामिल रहे।
निफ्टी पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए और सबसे ज्यादा तेजी बैंक और प्राइवेट बैंक शेयरों में रही।। बीएसई के भी सभी 19 सेक्टरों में 18 सेक्टरों में तेजी रही, जबकि एक सेक्टर का सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई के सबसे ज्यादा तेजी वाले पांच सेक्टरों के सूचकांकों में बैंक इंडेक्स (2.14 फीसदी), टेलीकॉम (1.88 फीसदी), कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (1.40 फीसदी), एफएमसीजी (1.37 फीसदी) और धातु (1.22 फीसदी) शामिल रहे। वहीं, ऊर्जा सेक्टर का सूचकांक (0.60 फीसदी) गिरावट के साथ बंद हुआ।
Leave Comments