
मुंबई। मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरूआत शुक्रवार को तेजी के साथ हुई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के दौरान 280 अंकों से ज्यादा चढ़ा और निफ्टी में भी 80 अंकों से ज्यादा की बढ़त रही। बीते सत्र में आई गिरावट के बाद लिवाली बढ़ने से घरेलू शेयर बाजार में तेजी का रुझान बना हुआ था। सुबह 9.31 बजे सेंसेक्स पिछले सत्र से 117.50 अंकों यानी 0.27 फीसदी की बढ़त के साथ 43,717.46 पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी बीते सत्र से 39 अंकों यानी 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 12,810.70 पर बना हुआ था।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 132.18 अंकों यानी 0.30 फीसदी की बढ़त के साथ 43,732.14 पर खुला और आरंभिक कारोबार के दौरान 43,889.40 तक चढ़ा जबकि निचला स्तर 43,648.75 रहा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी बीते सत्र से 41.70 अंक यानी 0.33 फीसदी चढ़कर 12,813.40 पर खुला और शुरूआती कारोबार के दौरान 12,855.20 तक उछला जबकि निचला स्तर 12,784.40 रहा।
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 27 शेयरों में तेजी दिख रही है। टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, टाइटन कंपनी, NTPC, टेक महिंद्रा, HCL टेक, LT और नेस्ले इंडिया आज के टॉप गेनर्स हैं। वहीं, रिलायंस, ICICI बैंक, बजाज आटो और एचयूएल आज के टॉप लूजर्स हैं। ग्लोबल संकेतों की बात करें तो गुरूवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। वहीं आज एशियाई बाजारों में मिला जुला कारोबार देखने को मिल रहा है।
बाजार के जानकार बताते हैं कि अमेरिका में कोरोना महामारी से मिल रही चुनौतियों से निपटने के लिए कारोबारियों की मदद को लेकर तय फंड के मसले पर खजाना मंत्री और फेडरल रिजर्व के बीच बढ़ते तकरार के बावजूद एशियाई बाजारों में कुल मिलाकर तेजी का रुख बना हुआ था।
Leave Comments