
नई दिल्ली, 26 दिसंबर, न्यूज़ मंच, समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने फेडरल फ्रंट या संघीय मोर्चे के लिए विपक्षी दलों को लामबंद करने में जुटे तेलंगाना के मुख्यमंत्री और टीआरएस प्रमुख केसीआर (केसीआर) को बधाई दी है। अखिलेश ने कहा कि मैं तेलंगाना के मुख्यमंत्री को इस दिशा में काम करने के लिए बधाई देता हूं। वह एक संघीय मोर्चा तैयार करने की कोशिशों में जुटे हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा को देश और राज्य की सत्ता से हटाने का भी संकल्प लेते हुए कहा कि अगले दिनों में वह केसीआर से मिलने हैदराबाद जाएंगे।
संकट से गुजर रहा है देश
अखिलेश ने कहा इस समय देश संकट के दौर से गुजर रहा है। जब तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं होगी, स्थिति सामान्य नहीं होगी। इसी लिए समाजवादियों ने भाजपा को देश की सत्ता से हटाने का संकल्प लिया है। हम एक निश्चित कार्ययोजना पर आगे बढ़ रहे हैं। हमारी पहली प्राथमिकता है कि भाजपा हटे। उन्होंने कहा कि देश में महागठबंधन हो, किस रूप में सभी दल एक साथ आएं, इसका प्रयास पिछले कई महीनों से लगातार चल रहा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर इसकी कोशिश कर रहे हैं। मेरी उनसे बात हुई है। मैं उनके प्रयासों को अपना समर्थन देता हूं। मैं उनसे 25 या 26 को मिलना चाहता था, लेकिन यह मुलाकात नहीं हो पाई। मैं उनसे मिलने का समय मांगूंगा और मिलने हैदराबाद जाऊंगा।
फेडरल फ्रंट समय की आवश्यकता
अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में उनका भी प्रयास है कि फेडरल फ्रंट बनाया जाए। उनकी कोशिश है कि एक फेडरल फ्रंट देश में बने, क्योंकि प्रदेश में तमाम जो मुख्यमंत्री रहे हैं, या जहां प्रदेश में कई जगहों पर अलग-अलग सरकारें हैं और जिन्होंने काम अच्छा किया है तो आने वाले समय में उनसे जरूर मिलूंगा। अखिलेश ने कहा आने वाले समय में किस तरह का गठबंधन होगा, कौन-कौन साथ आएंगे और कौन-कौन साथ आना चाहते हैं, यह विकल्प खुला है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बने और क्षेत्रीय पार्टियों को मिलाकर फेडरल फ्रंट बने। समाजवादियों का संकल्प है कि भाजपा देश से हटे। उसके लिए जो समाजवादी पार्टी को काम करना है, वह करेगी। पहली प्राथमिकता है कि भाजपा को हर हाल में सत्ता से बाहर किया जाए।
असल समस्याओं पर ध्यान नहीं
उन्होंने कहा कि जवाब नहीं दे पाए कि नौकरियां और रोजगार कैसे देंगे। यही तो करेंगे कि आप यहां नमाज मत पढ़िये, धर्म में यह करिए। उन्होंने वास्तविक समस्याओं की ओर अब तक ध्यान नहीं दिया है। लेकिन देश अब समझ चुका है कि भाजपा ने लोगों को धोखा दिया है। भाजपा ने जनता को जो सपने दिखाए थे, उसपर काम नहीं किया। सरकार की नाकामी जनता के सामने है। अब वह उसके झांसे में नहीं आने वाली।
लोकसभा चुनाव में फेडरल फ्रंट उड़ा सकता है कांग्रेस की नींद
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में अपनी जीत की वजह से आत्मविश्वास से भरे हुए टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव इससे पहले गैर-भाजपा, गैर-कांग्रेस क्षेत्रीय पार्टियों का संगठन बनाने में लगे हुए हैं। केसीआर ने उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की है। अब वह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती से मुलाकात करने वाले हैं। उनका गठबंधन उस स्थिति में प्रभावी साबित हो सकता है, जबकि लोकसभा चुनाव में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा।
Leave Comments