
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 6 बजे 4 एस्ट्रोनॉट ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरी। स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से स्पेसक्राफ्ट को लॉन्च किया गया। यह लॉन्चिंग निजी स्वामित्व वाले स्पेसक्राफ्ट क्रू ड्रैगन की पहली ऑपरेशनल उड़ान है। स्पेस स्टेशन जाने वाले अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री माइकल हॉपकिंस, विक्टर ग्लोवर और शैनन वॉकर हैं। उनके साथ जापान के सोइची नोगुची रवाना हुए। ये सभी स्पेस स्टेशन में दो रूसी और एक अमेरिकी एस्ट्रोनॉट को जॉइन करेंगे और वहां 6 महीने तक रहेंगे। बता दें कि अभी तक रूस के सोयूज स्पेसक्राफ्ट से एस्ट्रोनॉट्स को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचाया और वापस लाया जाता था लेकिन अब तकनीक विकसित कर लेने के बाद अमेरिका की रूस पर निर्भरता कम होगी।
लॉन्चिंग के समय अमेरिका के उपराष्ट्रपति माइक पेंस और सेकंड लेडी करेन पेंस मौजूद थे। नासा को उम्मीद है कि मिशन कामयाब रहा तो आगे भी वह कई रूटीन मिशन भेज सकेगा। नासा के एडमिनिस्ट्रेटर जिम ब्राइडेंस्टाइन ने मिशन के शुभारंभ पर कहा, यह संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए एक महान दिन है और जापान के लिए भी एक महान दिन है और हम आशा करते हैं कि इस महान साझेदारी को आने वाले सालों के लिए भी साझा करेंगे.. चंद्रमा की ओर। क्रू -1 स्पेसक्राफ्ट सिस्टम के आधिकारिक ह्युमन रेटिंग सर्टिफिकेशन के बाद अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अमेरिकी कमर्शियल स्पेसक्राफ्ट की पहली क्रू रोटेशन उड़ान है। नासा ने कहा, क्रू ड्रैगन को सोमवार को लगभग 11 बजे अंतरिक्ष स्टेशन पर डॉक करने के लिए निर्धारित किया गया है।
Leave Comments