
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। वहीं आतंकवादियों के हमले में घायल एक नागरिक की शुक्रवार को अस्पताल में मौत भी हो गई। पुलिस ने कहा कि 22 वर्षीय आबिद मीर गुरुवार को पंपोर शहर के लालपोरा इलाके में घायल हो गया था, जब आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की तलाशी दल पर गोलीबारी की थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उसने दम तोड़ दिया। लालपोरा क्षेत्र में आतंकवादियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
पुलिस ने कहा, इलाके में आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को सर्च ऑपरेशन शुरु किया गया। दो से तीन आतंकवादी एक घर में छिपे हुए थे, जिसे सुरक्षा बलों ने घेर लिया। जवानों ने बार-बार आतंकवादियों से सरेंडर करने को कहा। लेकिन आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी इसका जवाब दिया और एक आतंकी को मार गिराया। इस दौरान एक स्थानीय नागरिक भी आतंकियों की फायरिंग में घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शुक्रवार सुबह उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। फिलहाल अन्य आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
Leave Comments