
नई दिल्ली। अनलॉक 5 के तहत कई राज्यों में सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, स्कूल, मनोरंजन पार्क और माल आज से खुल गए हैं । सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने विस्तृत गाइडलाइंडस जारी की हैं, ताकि किसी भी तरह कोरोना संक्रमण के प्रसार की स्थिति पैदा न हो। केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार सिनेमा हॉल में एक के बाद एक सीट खाली रखनी होगी, हॉल की पूरी क्षमता के 50 फीसदी दर्शकों को ही प्रवेश दिया जा सकेगा। सिनेमा हॉल में प्रवेश करने वालों को हमेशा मास्क पहने रहना पड़ेगा। अंदर वेंटिलेशन की उचित व्यवस्था जरूरी है और एसी का तापमान 23 डिग्री से ऊपर रखना होगा।
खाली सीटों पर लगाना होगा क्रॉस मार्क
इसके साथ ही जिस सीट पर दर्शकों को नहीं बैठना है, उस पर क्रॉस मार्क लगाना होगा। सिनेमा हॉल के अंदर जाने के लिए मोबाइल में आरोग्य सेतु एप का होना भी जरूरी है। फिल्म देखने के दौरान किसी तरह की चीजों को खाने और पीने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
आनलाइन होगी सिनेमा के टिकटों की बिक्री
टिकटों की बिक्री की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। सिनेमा हॉल में एंट्री और एग्जिट गेट, लॉबी को समय-समय पर सैनिटाइज किया जाएगा और हर शो के बाद सिनेमा हॉल की सफाई की जाएगी। सिनेमा हॉल प्रबंधन की यह जिम्मेदारी होगी कि वह सभी दर्शकों को सैनिटाइजर मुहैया कराए। देश के 10 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में सिल्वर स्क्रीन आज से जीवंत हो उठेंगे। पीवीआर सिनेमा गुरुवार से 487 स्क्रीन पर फिल्में दिखनी शुरू करेगा।
सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन अनिवार्य
सिनेमा हॉल खुलने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिनेमा हॉल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हॉल मालिक केंद्र और राज्यों के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि सिनेमा हॉल में सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।
मपी-यूपी में आज से खुल जाएंगे सिनेमा हॉल
उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में भी आज से सिनेमा हॉल खुल जाएंगे। यूपी के चीफ सेक्रेटरी आरके तिवारी ने बताया कि सिनेमा हॉल्स के कॉमन एरिया और विटिंग एरिया में हर एक व्यक्ति को कम से कम 6 फीट की दूरी बनाए रखनी होगी। कॉन्टैक्ट लेस सैनिटाइजर का प्रबंध आवश्यक है। ऑडिटोरियम में अंदर जाने से पहले हर एक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसी तरह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 महीने से ज्यादा समय तक बंद रहने के बाद आखिरकार सिनेमाघर, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क आज से खुल रहे हैं। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने 15 अक्टूबर से भोपाल जिले में शर्तो के साथ सिनेमाघरों, स्विमिंग पूल और मनोरंजन पार्क खोले जाने के आदेश जारी किए हैं। आदेश में सिर्फ खिलाड़ियों के लिए स्विमिंग पूल 15 अक्टूबर 2020 से खोले जाने की अनुमति दी गई है।
Leave Comments