
वॉशिंगटन। अमेरिकी चुनाव के परिणामों की घोषणा जल्द होने वाली है। डेमोक्रेट जो बाइडेन व्हाइट हाउस की दौड़ में रिपब्लिकन के डोनाल्ड ट्रंप से आगे चल रहे हैं। बाइडेन को अब तक 253 जबकि ट्रम्प को 214 इलेक्टोरल वोट मिले हैं। अमेरिकी चुनाव में आज चार राज्यों में गिनती पर नजर रहेगी। एरिजोना, जॉर्जिया, नेवादा और पेन्सिलवेनिया। इनमें सबसे ज्यादा खास है न्सिलवेनिया जहां 20 इलेक्टोरल वोट हैं। अगर बाइडेन यह राज्य जीत जाते हैं, तो हम कह सकते हैं कि वो अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव जीत गए हैं। यदि ट्रंप दूसरे राज्यों के साथ इस राज्य को जीतते हैं तो ये उनकी अमेरिकी चुनाव में एक सनसनीखेज वापसी होगी।
बाइडेन का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। डेलावेयर के विल्मिंगटन में मंच सज कर तैयार है। उनकी ओर से एक बड़ी घोषणा का इंतजार है।
हालांकि डोनाल्ड ट्रंप हार मानने को तैयार नहीं हैं। डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि चुनाव नतीजे मेरे खिलाफ चल रही साजिश का नतीजा हैं। चुनाव में अवैध वोटिंग हुई। वे काउंटिंग रोकने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने कोर्ट का रुख किया। हालांकि मिशिगन की एक स्थानीय अदालत ने रिपब्लिकन पार्टी की काउंटिंग रोकने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। ट्रंप ने अब नेवादा की कोर्ट में याचिका लगाई है। हालांकि उन्हें अपनी ही पार्टी में समर्थन नहीं मिल रहा है। उनकी ही पार्टी के लोग ट्रंप की बातों से सहमत नहीं है। उटाह के सीनेटर मिट रोमनी ने कहा- लोकतंत्र में हर वोट की गिनती जरूरी है।
चार राज्यों पर नजर:
एरिजोना (11 इलेक्टोरल वोट) और नेवादा (6) में बाइडेन आगे हैं। पेन्सिलवेनिया (20) और जॉर्जिया (16) में ट्रम्प आगे चल रहे हैं।
एरिजोना : दो काउंटीज मेरीकोपा और पाइमा में काउंटिंग जारी है। यहां बाइडेन को अब तक 69 जबकि ट्रम्प को 46 हजार वोट मिले हैं।
जॉर्जिया : यहां गुरुवार को ट्रम्प 18 हजार वोट से आगे थे। अब यह लीड सिर्फ 2 हजार बची है।
नेवादा : यहां भी करीबी मुकाबला। बाइडेन को 11 जबकि ट्रम्प को 8 हजार वोट मिले।
पेन्सिलवेनिया : ट्रम्प को यहां गुरुवार को एक लाख 60 हजार वोटों की बढ़त थी। अब ये 37 हजार बची।
Leave Comments