
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने एक और उपलब्धि हासिल की है। इस मैच में 23वां रन बनाते ही विराट कोहली वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेजी से 12000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। विराट कोहली ने दुनिया के सबसे महान बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा है। विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर के अलावा सनथ जयसूर्या, कुमार संगाकारा, रिकी पोटिंग और महेला जयवर्धने ही वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन बनाने में कामयाब रहे हैं।
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वनडे की महज 242 पारियों में 12000 रन पूरे किए हैं। सचिन तेंदुलकर ने 300 पारियों में 12000 रन पूरे किए थे। सचिन तेंदुलकर की तुलना में विराट कोहली 58 पारी जल्दी ही इस मुकाम को हासिल करने में कामयाब रहे हैं। विराट कोहली के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे तेजी से 8000 रन (175 पारियों में), 9000 रन (194 पारियों में), 10000 रन (205 पारियों में) और 11000 रन (222 पारियों में) पूरे करने का रिकॉर्ड है।
विराट कोहली वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे शानदार बल्लेबाज हैं। इस मैच से पहले तक विराट कोहली ने 250 मैचों में 59.29 के औसत से 11977 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में कोहली 43 शतक और 59 अर्धशतक जड़ चुके हैं। इस फॉर्मेट में विराट कोहली से ज्यादा शतक सिर्फ सचिन तेंदुलकर ने लगाए हैं। सचिन के नाम 49 शतक हैं और विराट कोहली के पास उनका यह रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है।
Leave Comments