
मुंबई। अगर कहा जाए साल 2020 बॉलीवुड के बहुत ही खराब साबित हुआ है तो यह गलत नहीं होगा। फिल्मों के सिनेमाघरों में रिलीज ना होने से लेकर कई नगीनों को इस दुनिया को अलविदा कहकर चले जाना। हालांकि कुछ सेलेब्रिटीज ने साल 2020 में कुछ ज्यादा ही ध्यान खींचा। यहां देखते हैं कुछ सेलिब्रिटीज लिस्ट जो 2020 में सोशल मीडिया पर छाए रहे।
सुशांत सिंह राजपूत
सुशांत की मौत की खबर समाचार चैनलों और सोशल मीडिया पर महीनों तक छाई रही। फैन क्लबों ने उनकी प्रेमिका रिया चक्रवर्ती से लेकर उनके मेंटॉर महेश भट्ट तक को आड़े हाथों लिया। इतना ही नहीं उन्होंने बॉलीवुड की भाई-भतीजावाद ब्रिगेड के लोगों को भी नहीं बख्शा। इस मामले में अपनी राय देकर कंगना रनौत, अंकिता लोखंडे और शेखर सुमन जैसे लोग भी सोशल मीडिया पर छाए रहे। 14 जून को हुई सुशांत की मौत के मामले में अब भी जांच जारी है।
इरफान खान
बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में से एक इरफान खान 29 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए थे। इरफान 2018 से बीमार थे। वह न्यूरोएंडाक्राइन ट्यूमर के शिकार हो गए थे, जिसकी वजह से करीबन एक साथ तक उनका लंदन में इलाज चला था। लंदन से वापस आने के बाद उन्होंने फिल्म अंग्रेजी मीडियम में भी काम किया था। यह फिल्म लॉकडाउन से पहले रिलीज हुई थी। सोशल मीडिया पर महीनों तक वह छाए रहें।
कंगना रनौत
कई साल से उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स उनकी टीम हैंडल करती थी लेकिन सुशांत की मौत के बाद वे खुद सोशल मीडिया में आईं। उन्होंने कहा, इस साल, मैंने सोशल मीडिया की ताकत देखी और ये भी देखा कि कैसे सुशांत सिंह राजपूत की लड़ाई में पूरी दुनिया एक साथ आ गई। मुझे आशा है कि हम इसके जरिए नए भारत के लिए कई सुधार कर सकते हैं। कंगना ने बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद, ड्रग मामले, किसान आंदोलन जैसे कई मामलों पर मजबूती से अपनी राय रखी। ठाकरे सरकार के खिलाफ उनके ट्वीट्स को लेकर भी जमकर हंगामा हुआ।
करन जौहर
सुशांत की मौत पर करन जौहर ने भी सोशल मीडिया के जरिए दुख जताया लेकिन इसके साथ ही भाई-भतीजावाद की बहस शुरू हो गई। इंटरनेट पर लोगों ने बॉलीवुड के चुनिंदा परिवारों पर बाहरी प्रतिभाओं के साथ भेदभाव करने, उन्हें मौके न देने के आरोप लगाए। इसमें करण जौहर को जमकर निशाना बनाया गया। यह सिलसिला अब भी जारी है।
संजय दत्त
अगस्त में दत्त के फेफड़ों में कैंसर होने की खबर आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके जल्दी ठीक होने की कामनाएं की गईं। लेकिन इसी समय उनकी फिल्म सड़क 2 का ट्रेलर आया, जिसे नेपोटिज्म की बहस के बीच सबसे ज्यादा नापसंद किए गए ट्रेलर का खिताब मिला। बाद में अभिनेता ने कैंसर से जंग जीतने की खबर साझा की।
नेहा कक्कड़
हाल ही में गायिका ने बेबी बंप के साथ फोटो साझा की। बाद में पता चला कि पब्लिसिटी स्टंट था और उनके प्रेगनेंट होने की खबर उनके एक गाने के प्रमोशन के लिए फैलाई गई थी। इससे पहले उनकी गायक रोहनप्रीत सिंह के साथ शादी की फोटो वायरल हुईं थीं। वैसे नेहा पहले भी सिंगर-होस्ट आदित्य नारायण के साथ शादी के एक पब्लिसिटी स्टंट में भी शामिल रह चुकी हैं।
Leave Comments