• Last Update 07:40 am

बलिया मर्डर केस : विधायक बोले जिसे आरोपी बताया जा रहा, उसके पिता को पीड़ित पक्ष ने डंडे से मारा था, कोई किसी के परिजन को मारेगा तो क्रिया की प्रतिक्रिया तो होगी ही
State

बलिया मर्डर केस : विधायक बोले जिसे आरोपी बताया जा रहा, उसके पिता को पीड़ित पक्ष ने डंडे से मारा था, कोई किसी के परिजन को मारेगा तो क्रिया की प्रतिक्रिया तो होगी ही

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में एसडीएम और सीओ के सामने गोली मारकर युवक की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का करीबी है। इस बीच इस घटना को लेकर विधायक सुरेंद्र सिंह का बयान सामने आया है। विधायक ने कहा कि आप लोग जिसे आरोपी बता रहे हैं, उसके पिता को उन्होंने (पीड़ित पक्ष ने) डंडे से मारा था। किसी के पिता, किसी की मां, किसी की भाभी और किसी की बहू को कोई मारेगा तो क्रिया की प्रतिक्रिया होगी ही। धीरेंद्र ने आत्मरक्षा में गोली चलाई है। यह कोई दमन का मामला नहीं है। यह दमन की प्रतिक्रिया है, जो बहुत स्वाभाविक थी। इस बीच इस हत्याकांड पर राजनीति गरम हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने इस घटना के बहाने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

मुख्य आरोपी का भाई गिरफ्तार, पुलिस ने घर की गाड़ी तोड़ी
गुरुवार रात पुलिस ने धीरेंद्र के घर पर छापा मारा, लेकिन कोई नहीं मिला। आरोपी के घर के बाहर खड़ी गाड़ी तोड़ दी गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें बनाई गई है। डीआईजी आजमगढ़ गांव में कैंप कर रहे हैं। डीएम श्रीहरि प्रताप ने बताया कि एफआईआर में नामजद मुख्य आरोपी का भाई गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक पांच गिरफ्तार हुए हैं। धीरेंद्र सिंह ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से हत्या की है। सभी आरोपियों का लाइसेंस रद्द किया गया जाएगा। उधर, गांव में पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग को लेकर गांव के लोग धरने पर बैठ गए हैं।


गांव में पुलिस फोर्स तैनात, बिहार में भी आरोपी की तलाश
मृतक जयप्रकाश पाल के भाई तेज बिहारी पाल ने बताया कि कोटे की दुकान को लेकर दो प्रत्याशी लड़ रहे थे। प्रशासन चुनाव निष्पक्ष कराना चाह रहा था। इसी बीच हार देखकर धीरेंद्र प्रताप के गुट ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी धीरेंद्र आर्मी से रिटायर्ड है। विधायक के साथ रहता है। विधायक ने उसे मनबढ़ कर दिया है। मौके पर दस सिपाही और दो महिला सिपाही मौजूद थे। पुलिस ने बचाने का प्रयास किया। गोली लगने के बाद जब मेरा भाई गिर गया तो पुलिस ने दोषी को पकड़ लिया, लेकिन आगे ले जाकर छोड़ दिया। डीआईजी सुभाष दुबे ने बताया कि आरोपी मौके से भागा, यह पुलिस की लापरवाही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। दोषी लोगोंपर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें बिहार के कई जिलों में दबिश दे रही हैं। उन पुलिस वालों की भूमिका की जांच चल रही है, जिन्होंने उसे भगाने में सहयोग किया है।
 

 मायावती-अखिलेश ने पूछा क्या इस बार भी पलटेगी मुख्य आरोपी की गाड़ी?  
उत्तर प्रदेश के बलिया में एसडीएम और सीओ जैसे अधिकारियों के सामने हुई हत्या के मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोपी के सत्ताधारी दल से जुड़े होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब देखना यह है कि एनकाउंटर वाली सरकार अपने लोगों की गाड़ी पलटाती है या नहीं। इस बीच, कांग्रेस का एक दल बलिया पहुंच रहा है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस प्रकरण पर ट्वीट कर कहा, बलिया में सत्ताधारी भाजपा के एक नेता के, एसडीएम और सीओ के सामने खुलेआम, एक युवक की हत्या कर फरार हो जाने से उप्र में कानून व्यवस्था का सच सामने आ गया है। अब देखें क्या एनकाउंटरवाली सरकार अपने लोगों की गाड़ी भी पलटाती है या नहीं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मायावती ने ट्वीट कर कहा, यूपी में बलिया की हुई घटना अति-चिन्ताजनक है। अब भी महिलाओं व बच्चियों के आए दिन हो रहे उत्पीड़न से स्पष्ट हो जाता है कि यहां कानून-व्यवस्था दम तोड़ चुकी है।  
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments