• Last Update 06:53 am

Death: गुजरात के पूर्व सीएम केशुभाई पटेल का निधन, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
Politics
State

Death: गुजरात के पूर्व सीएम केशुभाई पटेल का निधन, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

गांधीनगर। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का गुरुवार को निधन हो गया। वे 92 साल के थे। केशुभाई पटेल ने गुरुवार सुबह सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। कुछ वक्त पहले ही केशुभाई पटेल कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए थे, हालांकि उन्होंने कोरोना को मात दे दी थी।

पीएम मोदी ने पटेल के निधन पर दुख व्यक्त किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पटेल के निधन पर शोक जताते हुए कहा, केशुभाई पटेल जी एक प्रभावी प्रशासक थे जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में अमिट छाप छोड़ी। मैं दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और शुभचिंतकोंके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सिंह ने कहा कि लोगों की सेवा के लिए केशुभाई पटेल की अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा।

केशुभाई पटेल 2 बार 1995 और 1998 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। हालांकि दोनों ही बार तख्तापलट के चलते केशुभाई अपना मुख्यमंत्री का कार्यकाल नहीं पूरा कर पाए। पीएम मोदी उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। 2001 में पद से इस्तीफे के बाद उनकी जगह नरेंद्र मोदी ने CM पद की शपथ ली थी। केशुभाई पटेल गुजरात के उपमुख्यमंत्री का भी पद संभाल चुके हैं। वह छह बार राज्य में विधानसभा चुनाव जीते। केशु भाई पटेल ने साल 2012 में बीजेपी छोड़ दी थी और अपनी नई पार्टी 'गुजरात परिवर्तन पार्टी' बनाई थी। वे 30 सितंबर को ही सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के दोबारा अध्यक्ष चुने गए थे।

केशुभाई पटेल का जन्म जूनागढ़ में 24 जुलाई 1928 को हुआ था। केशुभाई पटेल ने काफी कम उम्र में साल 1945 में प्रचारक के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ज्वाइन किया था। वह साल 1975 में आपातकाल के दौरान जेल भी गए। आपातकाल के बाद 1977 में केशुभाई पटेल राजकोट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। केशुभाई पटेल 1978 और 1995 के बीच कलावाड़, गोंडल और विशावादार से विधानसभा चुनाव जीते।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments