
अशोकनगर, 19 अगस्त (न्यूजमंच)। कहीं आप भी फेसबुक पर बिना सोचे-समझे ऐसी पोस्ट तो नहीं करते, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ने का अंदेशा हो। अगर आप ऐसी पोस्ट फेसबुक, व्हाट्सएप्प या सोशल मीडिया के अन्य किसी भी प्लेटाफार्म पर शेयर भी करते हैं, तो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर आपको जेल भेजा जा सकता है। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में ऐसे ही एक मामले में गुना निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ सिटी कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है।
अशोकनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 अगस्त रक्षाबंधन के दिन हुए जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के डुंगासारा गांव में हुए हत्याकांड के संबंध में गुना के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट कर घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की थी। जिसके बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अशोकनगर सायबर सेल द्वारा चंदेरी के डुंगासरा में हुए हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सायबर सेल की नजर में विवादित पोस्ट आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शनिवार रात अशोकनगर कोतवाली में प्रकरण दर्ज किया गया। इतना नहीं, पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन चंदेरी थाना क्षेत्र के डुंगासरा गांव में मुंगावली निवासी असलम और चंदेरी निवासी बाबू खां ने तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया था। चाकू लगने से चंदेरी निवासी जानू उर्फ प्रमोद रैकवार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि नंदलाल कोली एवं संजू परमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
प्रमोद रैकवार की मौत के अगले दिन उसके परिजनों और अन्य लोगों ने आरोपियों को शीघ्र फांसी दिए जाने की मांग करते हुए चंदेरी बायपास पर चुंगीनाका के पास मृतक का शव रखकर चक्काजाम एवं प्रदर्शन किया था। चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने लोगों को शीघ्र कार्रवाई की समझाईश देकर चक्काजाम खुलवाया था।
रक्षााबंधन और भुजरिया त्यौहार के दौरान किसी भी तरह तनाव के हालात न बनें और क्षेत्र में शांति बनी रहे, इसी को ध्यान में रखकर पुलिस ने अशोकनगर, गुना, शिवपुरी तीनों जिलों से बुलाए गए पुलिस बल को चंदेरी में तैनात किया था। साथ ही पुलिस इस बात की विशेष निगरानी कर रही थी कि उपद्रवी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर माहौल खराब न कर सके। इसके लिए अशोकनगर सायबर सेल को विशेष तौर पर एलर्ट किया गया था।
इसके बावजूद भी गुना निवासी अंसार मिर्जा पुत्र अनवर मिर्जा ने चंदेरी के डुंगासरा में हुई वारदात को लेकर अपने फेसबुक एकाउंट से अपनी वॉल पर विवादित टिप्पणियां कर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की। मामले को पुलिस ने संज्ञान लेते हुए अशोकनगर सिटी कोतवाली में अंसार मिर्जा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और तुरंत ही गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। घटना के बाद अशोकनगर एसपी पंकज कुमावत ने जिलेवासियों को सोशल मीडिया पर विवादित और आपत्तिजनक पोस्ट न करने की सलाह दी है। साथ ही ऐसी पोस्ट करने पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी है।
" गुना के एक व्यक्ति ने चंदेरी की घटना को सांप्रदायिक रूप देने का प्रयास करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग की जा रही है, कोतवाली में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया। लोगों को सलाह है कि वह विवादित टिप्पणियां, सदभाव बिगाडऩे वाली पोस्ट या आपत्तिजनक पोस्ट न करें और न हीं शेयर करें।''
सुनील कुमार शिवहरे, एडिशनल एसपी, अशोकनगर
Leave Comments