• Last Update 06:55 am

हार्दिक पंड्या ने मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी नटराजन को सौंपी, कहा- आप इसके असली हकदार हो भाई
Sports

हार्दिक पंड्या ने मैन ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी नटराजन को सौंपी, कहा- आप इसके असली हकदार हो भाई

सिडनी। तीन मैचों की टी-20 सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम कर ली। इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। लेकिन उन्होंने अपनी यह ट्रॉफी अपने करियर की पहली टी-20 सीरीज खेल रहे तेज गेंदबाज टी नटराजन को सौंप दी।

पंड्या ने सोशल मीडिया पर नटराजन के साथ ट्रॉफी सौंपते हुए एक फोटो भी शेयर की। उन्होंने लिखा, ‘‘नटराजन, इस सीरीज में आपका प्रदर्शन शानदार रहा। आपने टीम को मुश्किल हालात में जीत दिलाई। डेब्यू सीरीज में आपने कड़ी मेहनत की और अपना टैलेंट दिखाया। मेरी ओर से आप ही इस मैन ऑफ द सीरीज के असली हकदार हो भाई।’’

इस सीरीज में पांड्या ने तीन मैचों में 78 रन बनाए और उन्हें मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। उन्होंने दूसरे टी-20 में 42 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि कमर की चोट के कारण वे सीरीज में बॉलिंग नहीं कर सके। वहीं नटराजन ने सीरीज में शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक छह विकेट लिए।

पंड्या ने दूसरे टी-20 मैच के बाद भी कहा था कि उन्हें लगता है कि उन्हें नहीं बल्कि टी. नटराजन को उनकी किफायती गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना जाना चाहिए था। हार्दिक पंड्या ने कहा था,  नटराजन की वजह से हमें कम से कम 10 रन कम का लक्ष्य मिला, जिसे हमने आसानी से चेज कर लिया।

बता दें कि तीन टी-20 की सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले मैच में 11 रन और दूसरे टी-20 में 6 विकेट से हराया था। टीम ने तभी सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया था। हालांकि, आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के 187 रन के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम 174 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। लगातार 10 टी-20 मैच जीतने के बाद भारत को इस फॉर्मेट में हार मिली है। वहीं सीरीज जीत की बात की जाए तो भारत की यह लगातार 5वीं टी-20 सीरीज जीत है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments