
हैदराबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद शहर में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के एक नेता की गोलीबारी में घायल हुए एक व्यक्ति ने शनिवार को दम तोड़ दिया। आदिलाबाद के टाटीगुडा के पूर्व पार्षद 52 वर्षीय सैयद जमीर ने हैदराबाद में निजाम के आयुर्विज्ञान संस्थान (एनआईएमएस) में अंतिम सांस ली।
बता दें कि 18 दिसंबर को AIMIM नेता और आदिलाबाद नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद फारूक ने टाटीगुडा इलाके में क्रिकेट खेल रहे दो समूहों के बीच हुई झड़प में अपने प्रतिद्वंद्वियों पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी और चाकू से भी हमला किया था। इस फायरिंग में सैयद जमीर, उनके भाई सैयद मन्नान और भतीजे सैयद मोहतेसिन घायल हो गए थे। जहां जमीर और मोहतेसिन को गोलियां लगी थी, वहीं मन्नान को चाकू के घाव लगे थे। चूंकि जमीर की हालत सबसे ज्यादा गंभीर थी, तो उसे उपचार के लिए हैदराबाद में ले जाया गया।
इस हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें फारूक अपने एक हाथ से हवा में गोलीबारी करते और दूसरे हाथ में चाकू लिए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था और अब जमीर की मौत के साथ आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के बंदूक के लाइसेंस को रद्द करने के लिए कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट से भी सिफारिश की है।
Leave Comments