
अशोकनगर, 13 दिसंबर, न्यूज़ मंच, फुट ओवर ब्रिज पर आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या से अशोकनगर वासियों को जल्द ही राहत मिल सकती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अशोकनगर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक जजपाल सिंह जज्जी आने वाले कुछ ही दिनों में रेलवे क्रासिंग पर अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराएंगे। यह जानकारी अशोकनगर के नवनिर्वाचित विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने न्यूजमंच से खास बातचीत करते हुए साझा की।
न्यूजमंच से हुई विशेष बातचीत में जजपाल सिंह जज्जी ने बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से विकास के मुद्दे पर वोट मांगे थे और उसी विकास के मुद्दे पर क्षेत्र की जनता ने मुझे चुना है, इसलिए मेरी प्राथमिकता है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल जैसे आधारभूत मुद्दों पर कार्य करने की है। साथ ही उन समस्याओं के निराकरण हेतू भी त्वरित पहल करना है, जो जनता के लिए अब तक बड़ी परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जजपाल सिंह जज्जी ने न्यूजमंच को अपनी उस शुरूआती कार्य योजना के बारे में बताया, जिसके जरिए वह क्षेत्र में विकास का नया रोड मेप तैयार करने का सपना देख रहें हैं।
अगले 15-20 दिनों में शुरु होगा अंडर ब्रिज का निर्माण
नवनिर्वाचित विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने बताया कि रेलवे क्रासिंग एवं फुट ओवर ब्रिज पर लगने वाला ट्रैफिक जाम शहरवासियों के लिए बड़ी समस्या है। लेकिन भाजपा की सरकार और उसके विधायक इस समस्या का निराकरण नहीं कर पाए। अंडर ब्रिज निर्माण के लिए रेलवे जैसे बड़े सरकारी विभाग ने बजट न होने की बात कही। इसके बाद हमारे लोकप्रिय सांसद श्रीमंत ज्यातिरादित्य सिंधिया ने अपनी सांसद निधि से करीब 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए, उसके बावजूद भी मौजूदा भाजपा की केन्द्र और तत्कालीन प्रदेश सरकार ने अंडर ब्रिज निर्माण में रूचि नहीं ली। अब जनता ने मुझे विधायक बनाया है, तो मेरी पहली प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द अंडरब्रिज निर्माण का कार्य शुरु हो। मेरा प्रयास रहेगा कि अगले 15-20 दिनों में सभी तरह की कागजी औपचारिकताएं पूरी की जाकर अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो सके।
प्रायवेट स्कूलों से बेहतर होंगे सरकारी स्कूल
जजपाल सिंह जज्जी ने अपनी दूसरी कार्ययोजना के बारे में बताते हुए कहा कि फिलहाल विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के हालात किसी से छिपे नहीं है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह जिला मुख्यालय, शाढ़ौरा कस्बे सहित कुल तीन सरकारी स्कूलों को आदर्श स्कूल के तौर पर स्थापित करेंगे। इन तीनों स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को ऐसी सुवधिाएं दी जाएंगी, जो कि जिले भर के प्रायवेट स्कूलों में भी नहीं मिल रही है। इन स्कूलों में ई-लर्निंग, व्यक्त्तिव विकास ( पर्सनालिटी डेवलपमेंट), पढ़ाई में कमजोर बच्चों का अलग ग्रुप बनाकर उनके लिए विशेष अध्यापन की सुविधा, समय-समय पर विषय विशेषज्ञ गेस्ट फेकल्टीज के लेक्चर आदि कराए जाने की योजना है। साथ ही जिले के सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार हेतू कार्ययोजना बनाने के लिए वरिष्ठ शिक्षा विद् एवं देश-विदेश के बड़े संस्थानों में कार्यरत जिले के युवाओं से समय-समय पर सुझाव लिए जाकर उन पर अमल किया जाएगा।
विधायक बनते ही हासिल की ट्रेनिंग सेटर की उपलब्धि
स्वास्थ्य के क्षेत्र में जजपाल सिंह जज्जी ने विधायक निर्वाचित होते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। जज्जी ने बताया कि अशोकनगर जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर का प्रस्ताव स्वीकृत कर उसकी बिल्डिंग भी बनाई जा चुकी थी, लेकिन बिल्डिंग का निर्माण होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अशोकनगर में नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर खोले जाने का प्रस्ताव रद्द कर दिया था, उसके बाद से नर्सिंग सेंटर के लिए बनाई बिल्डिंग अनुपयोगी थी। जज्जी ने विधायक चुने जाने के आगले दिन ही स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारियों से इस संबंध में बात की, जज्जी द्वारा हस्तक्षेप किए जाने के बाद स्वास्थ्य अधिकारी तुरंत हरकत में आए और नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर की बिल्डिंग में जनरल स्टाफ ट्रेनिंग सेंटर खोले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब इस बिल्डिंग में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएंगी।
जिला अस्पताल का कायाकल्प एवं ट्रामा सेंटर:-
जज्जी ने कहा कि किसी क्षेत्र के विकास का पैमाना शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिले भर के सरकार अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं के दुरुस्तीकरण के साथ ही वहां पर आवश्यक मेडीकल स्टाफ की तैनाती करवाना मेरा शुरुआती कार्य रहेगा। इसके साथ ही अशोकनगर जिला अस्पताल के कायाकल्प की दिशा में कार्य करना मेरी शुरुआती प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में खाली पड़े डाक्टरों और नर्सिग स्टाफ के पदों को जल्द ही भरा जाएगा। साथ ही ट्रामा सेंटर शुरू करवाने के लिए भी वे विशेष प्रयास करेंगे। ट्रामा सेंटर के लिए जल्द ही आवश्यक मशीनें एवं स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी।
पेयजल समस्या का निराकरण:-
जज्जी ने बताया कि गर्मियों के दौरान अशोकनगर विधानसभा के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में पेयजल की समस्या विकराल हो जाती है। इस समस्या के स्थाई निराकरण के लिए वे प्रयास करेंगे। इस दिशा में वे प्रदेश सरकार से जहां ग्रामीण क्षेत्र में नई नल-जल योजनाओं की मांग करेंगे, वहीं जहां संभव होगा वहां बांध बनाने एवं तालाबों के निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य संभावनाओं पर विचार कर राज्य सरकार से विशेष पैकेज स्वीकृत कराकर पेयजल समस्या खत्म की जाएगी।
औद्योगिक विकास
जज्जी ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य के बाद सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अशोकनगर विधानसभा सहित पूरा जिला औद्योगिक रूप से पिछड़ा हुआ है। अत: उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के लिए वे बड़े उद्योग घरानों से संपर्क करेंगे। साथ ही प्रदेश स्तर पर होने वाली इंवेस्टर्स मीट के जरिए भी क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाएं तलाशेंगे। इसके अलावा शहर के युवा सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) से जुटकर रोजगार की नई संभावनाएं तलाश सकें, इसके लिए अशोकनगर में समय-समय पर ट्रेनिंग कैंप लगाए जाएंगे।
Leave Comments