
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अमेरिका की नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार शॉ और एचसीएल इंटरप्राइज की सीईओ रोशनी नडार मल्होत्रा दुनिया की सर्वाधिक 100 शक्तिशाली महिलाओं की फोर्ब्स की सूची में शुमार की गई हैं। इस सूची में लगातार दसवें साल जर्मनी की चांसलर एजेंला मर्केल शीर्ष पर हैं। 17वीं वार्षिक ‘फोर्ब्स पावर लिस्ट’ में 30 देशों की महिलाएं शामिल हैं।
फोर्ब्स ने कहा, ‘‘इसमें दस देशों की प्रमुख, 38 सीईओ और पांच मनोरंजन क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं हैं। भले ही वे उम्र, राष्ट्रीयता और अलग-अलग पेशे से हों लेकिन 2020 की चुनौतियों का सामना करने के लिए उन्होंने अपने मंचों का इस्तेमाल एक तरीके से किया।’’ सीतारमण सूची में 41वें स्थान पर हैं, नडार मल्होत्रा 55वें स्थान पर हैं और मजूमदार शॉ 68वें नंबर पर हैं। लैंडमार्क समूह की प्रमुख रेणुका जगतियानी को सूची में 98वां स्थान दिया गया है। मर्केल लगातार दसवें वर्ष पहले स्थान पर कायम हैं।
फोर्ब्स ने कहा, ‘‘मर्केल यूरोप की प्रमुख नेता हैं और जर्मनी को वित्तीय संकट से उबारकर क्षेत्र की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का नेतृत्व कर रही हैं। डोनाल्ड ट्रंप का विरोध कर जर्मनी में दस लाख से अधिक शरणार्थियों को रहने अनुमति देने वाली मर्केल का नेतृत्व बेहद मजबूत रहा है। सबसे बड़ा सवाल है कि लोग अब पूछ रहे हैं कि मर्केल का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उनकी जगह कौन लेगा।’’
Leave Comments