
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) के करीब गुरुवार को लगातार तीसरे दिन पाकिस्तान ने अकारण संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, नियंत्रण रेखा के पास तीन सेक्टर शाहपुर, किरनी और कस्बा में पाकिस्तान ने सुबह 9 बजे के करीब छोटे हथियारों से गोलाबारी कर संघर्ष विराम उल्लंघन किया। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की।
बता दें कि इस साल की शुरूआत से पाकिस्तान बार-बार 1999 में दोनों देशों द्वारा हस्ताक्षर किए गए द्विपक्षीय संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन कर रहा है। जनवरी से अब तक पाकिस्तान ने 3,200 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है, जिसमें 24 नागरिक मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए। कश्मीर घाटी से सटी एलओसी के उस पार पाकिस्तान में बने आतंकियों के लॉन्चिंग पैड फिर सक्रिय हो गए हैं। करीब 300 आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं।
बीएसएफ के एडीजी सुरिंदर पवार ने कहा था कि इनपुट के अनुसार वर्तमान में करीब 250 से 300 आतंकी लॉन्चिंग पैड्स पर घुसपैठ की फिराक में तैयार बैठे हैं। लेकिन आतंकियों की हर हरकत पर एलओसी पर तैनात सेना और बीएसएफ पूरी नजर रख रही है। इसी का नतीजा है कि इस वर्ष कई आतंकी घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम बनाया गया है।
इसका ताजा उदाहरण है रविवार को कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में हुई घुसपैठ की कोशिश, जिसमें सतर्क जवानों ने 3 आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान उन्हें 2 एके-47, 2 एके मैगजीन, 60 एके राउंड, 1 पिस्टल, 2 पिस्टल मैगजीन, 29 पिस्टल राउंड, 1 रेडियो सेट, 50 हजार की भारतीय करंसी, आदि बरामद हुई।
Leave Comments