• Last Update 06:53 am

देश की पहली ड्राइवरलेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी, 37 किलोमीटर का होगा सफर
National

देश की पहली ड्राइवरलेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी, 37 किलोमीटर का होगा सफर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे देश की पहली बिना ड्राइवर के चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन दिल्ली मेट्रो का हिस्सा होगी जिसका सफर 37 किलोमीटर का होगा। ड्राइवरलेस ट्रेन दिल्ली मेट्रो के मजेंटा लाइन और पिंक लाइन पर चलाई जाएगी। पहले चरण में यह ट्रेन मजेंटा लाइन पर जनकपुरी पश्चिम से नोएडा के बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के बीच दौड़ेगी। ड्राइवरलेस ट्रेन पूरी तरह से ऑटोमैटिक होगी और मानवीय गलतियों की आशंकाओं को खत्म कर देगी।

डीएमआरसी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने बताया कि ड्राइवरलेस ट्रेन की शुरुआत होने के साथ ही डीएमआरसी दुनिया के उन चुनिंदा सात मेट्रो नेटवर्क में शामिल हो जाएगा, जहां बिना ड्राइवर वाली मेट्रो ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 37 किमी लंबी मेजेंटा लाइन के बाद मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच बनी 57 किमी लंबी मेट्रो की पिंक लाइन पर भी अगले साल के मध्य तक ड्राइवरलेस ट्रेन ऑपरेशन शुरू कर दिया जाएगा। इससे लगभग 94 किमी लंबे नेटवर्क पर बिना ड्राइवर या ऑपरेटर के मेट्रो ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी, जो दुनिया के कुल ड्राइवरलेस मेट्रो नेटवर्क का लगभग 9 फीसदी होगा।

आम मेट्रो ट्रेन की तरह ही ड्राइवरलेस ट्रेन में भी 6 कोच होंगे। ड्राइवरलेस ट्रेन में 2,280 यात्री एक बार में सफर कर सकते हैं। इसमें हर कोच में 380 यात्री सवार हो सकते हैं डीएमआरसी पिछले करीब 3 साल से ड्राइवरलैस मेट्रो ट्रेन का ट्रायल कर रहा था। दिल्ली मेट्रो ने पहली बार सितंबर 2017 को इसका ट्रायल शुरू किया था।

ड्राइवरलेस ट्रेन ऑपरेशन शुरू करने के साथ ही पीएम मोदी मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर पूरी तरह फंक्शनल नैशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की भी शुरुआत करेंगे। इसके माध्यम से लोग रूपे आधारित डेबिट कार्ड का इस्तेमाल मेट्रो के स्मार्ट कार्ड की तरह कर सकेंगे और एयरपोर्ट लाइन के स्टेशनों पर लगे एएफसी गेट पर उसे पंच करके यात्रा कर सकेंगे। इससे अलग से मेट्रो का स्मार्ट कार्ड साथ लेकर चलने की जरूरत खत्म हो जाएगी और किराया सीधे उनके बैंक अकाउंट से कट जाएगा।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments