• Last Update 06:11 am

प्रयागराज अर्द्धकुंभ के लिए आए संतों ने एक स्वर से भरी हुंकार,अयोध्या में राम मंदिर नहीं तो अगले साल होने वाले चुनाव में मोदी भी नहीं।
Dharm
Politics

प्रयागराज अर्द्धकुंभ के लिए आए संतों ने एक स्वर से भरी हुंकार,अयोध्या में राम मंदिर नहीं तो अगले साल होने वाले चुनाव में मोदी भी नहीं।

प्रयागराज, 31 दिसंबर, न्यूज़ मंच, अगले साल होने वाले आम चुनाव से ठीक पहले धर्मनगरी प्रयागराज में लगने वाला कुंभ सियासी दृष्टि से अहम हो गया है। कुंभ में अखाड़ों का आगमन हो चुका है। कुंभ मेले में पहुंचे महंतों ने मोदी सरकार से नाराजगी दिखाई है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी है -मंदिर नहीं तो 2019 में मोदी भी नहीं। 

इस बीच चर्चा है कि कुंभ मेले के दौरान विश्व हिंदू परिषद प्रयागराज में धर्म संसद का आयोजन कर सकता है। हालांकि, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि धर्म संसद के आयोजन का अधिकार किसी राजनीतिक दल या विश्व हिंदू परिषद को नहीं है। महेंद्र गिरी ने कहा कि यह काम सिर्फ चार पीठों के शंकराचार्य कर सकते हैं।  

मंदिर आस्था का विषय, पर सरकार के हाथ बंधे 
कार्यक्रम में शामिल आनंद अखाड़ा के प्रमुख महंत गणेश आनंद सरस्वती ने कहा कि राम मंदिर हमारी आस्था का विषय है और सरकार अदालत में मामला विचारधीन होने की वजह से बहुत कुछ करने की स्थिति में नहीं है। महंत गणेश आनंद सरस्वती भी मानते हैं कि साधु संतों में इस बात को लेकर नाराजगी है।  उन्होंने कहा कि मामला मंदिर में होने की वजह से सरकार के हाथ बंधे हुए हैं।   

राजनेता नहीं निकालने दे रहे हैं रास्ता
राम मंदिर निर्माण के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज ने रास्ता सुझाया है कि राम मंदिर बनाने हेतु केवल मुस्लिम धर्मगुरु और हिंदू धर्म गुरु एक साथ बैठ कर चर्चा करें, तो जल्द निर्णय हो जाएगा। वह इसलिए नहीं बैठे हैं क्योंकि राजनेता बैठने नहीं दे रहे हैं।  राजनेताओं को अब यह मसला धर्मगुरुओं के ऊपर छोड़ देना चाहिए। तभी इसका कोई सर्वमान्य हल निकलेगा। 

विकास के नहीं, मंदिर के नाम पर मिले वोट
एक निजी कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा मोदी और भाजपा को विकास के नाम पर वोट नहीं मिला है। अगर विकास के नाम पर वोट मिलता तो उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री कोई और होता। गोधरा कांड के बाद मोदी का हिंदूवादी चेहरा सामने आया, तो लोगों ने सोचा कि यूपी में योगी रहेंगे, केंद्र में मोदी रहेंगे तो राम मंदिर बन जाएगा। मोदी के राज में विकास हो रहा है। बिजली मिल रही है। सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग वोट देंगे राम मंदिर के नाम पर। यदि आप राम मंदिर नहीं बनाते हैं, तो बड़ी कठिनाई खड़ी हो जाएगी।  

मंदिर बनेगा, तभी केंद्र में लौटेगी सरकार
निरंजनी अखाड़ा के प्रमुख महंत केशव पुरी ने कहा संतों ने इसीलिए भाजपा का साथ दिया कि राम मंदिर बनेगा और एक बड़ी समस्या हल हो जाएगी।  अब लगता है कि साढ़े 4 साल होने के बाद भी सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। राम मंदिर बनेगा तो ही सरकार सत्ता मे वापसी करेगी। अगर मंदिर नहीं बना तो उसके लिए कठिनाई पैदा हो जाएगी। अब लोगों का विश्वास भाजपा और मोदी पर से उठने लगा है। महंत केशव पुरी ने कहा कि अगर मंदिर के लिए सरकार ने पहल नहीं की तो अगले साल होने वाले चुनाव में उसकी वापसी कठिन हो जाएगी। 

यूपी में योगी ही सबसे बड़ा ब्रांड : गिरि
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ही सबसे बड़ा ब्रांड हैं। वो सूबे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बड़े ब्रांड हैं। महंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ योगी आदित्यनाथ ही चलेंगे और यहां मुख्यमंत्री योगी के नाम पर ही वोट मिलेगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा के नाम पर वोट नहीं मिलेगा। पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों में भी अब भीड़ नहीं आ रही है। पहले पीएम मोदी को सुनने के लिए बड़ी तादाद में भीड़ आती थी। महंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि का कहना है कि अब मोदी का क्रेज कम हो गया है। उन्होंने कहा व्यक्ति को उतना ही बोलना चाहिए, जितना उचित होता है। हालांकि, नरेंद्र गिरी ने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा और रक्षा के लिए नरेंद्र मोदी को एक बार फिर मौका दिया जाना चाहिए। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments