• Last Update 05:37 am

देश से विदा हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून, उत्तर-पूर्व मानसून की हुई शुरुआत
National

देश से विदा हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून, उत्तर-पूर्व मानसून की हुई शुरुआत

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून आखिरकार बुधवार को देश से विदा हो गया। यह अपनी सामान्य तिथि के 13 दिन बाद वापस गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी मानसून की शुरुआत हो गई है जिसके चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश के हिस्सों, कर्नाटक और केरल में अक्टूबर से दिसंबर के दौरान बारिश होती है। 

आईएमडी ने कहा कि देश के अधिकतर भागों में वर्षा संबंधी गतिविधियों में आई खासी कमी के मद्देनजर दक्षिण-पश्चिम मानसून की आज 28 अक्टूबर को पूरी तरह से विदाई हो गई। 

उन्होंने कहा कि बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में एक चक्रवाती दौर बना हुआ है। विभाग ने कहा कि इसके प्रभाव के चलते केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले पांच दिनों के दौरान मध्यम गरज के साथ छिटपुट बारिश और बिजली चमकने की आशंका है। साथ ही अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण तमिलनाडु में जबकि अगले 24 घंटे में दक्षिण केरल के हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

उन्होंने कहा कि देश के बाकी भागों में अगले चार-पांच दिन मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है। इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून काफी देर से लौटा है जबकि इसकी विदाई की सामान्य तिथि 15 अक्टूबर रहती है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments