
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा और ऊपर से दिल्ली में फैली हुई धुंध लोगों के जीवन को मुश्किल बना रही है। धुंध और कोहरे की वजह से मंगलवार सुबह राजधानी दिल्ली में विमान सेवाओं में व्यवधान डाला। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से रवाना होने वाले सभी विमानों की उड़ान को एक घंटे तक रोक दिया गया है।
विजिबिलिटी 50 मीटर
दिल्ली में धुंध की वजह से करीब 45 उड़ानों के समय को बदला गया है, जबकि 5 अन्य उडा़नों के मार्ग में बदलाव किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही, यही वजह रही कि कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि रविवार से ही दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक दर्ज किया गया।
राजधानी पर लिपटी धुंध की चादर
सिर्फ कोहरा और ठंड ही नहीं, बल्कि राजधानी पर धुंध की चादर भी लिपटी हुई है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार राजधानी का एक्यूआईइस समय गंभीर स्तर पर है। वायु की गुणवत्ता 448 तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राजधानी में ऐसा ही मौसम रहेगा। इस दौरान हवा काफी धीमी गति से चलेगी और तापमान भी काफी कम रहेगा।
26 तक निर्माण कार्यों पर लगाई रोक
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने दिल्ली के मौसम को देखते हुए राजधानी क्षेत्र में किसी भी तरह के निर्माण कार्य और अन्य औद्योगिक गतिविधियों पर 26 दिसंबर तक के लिए रोक लगा दी है। 26 दिसंबर के बाद मौसम के हालात देख इस निर्माण कार्यों पर कोई अन्य फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में लंबे समय से वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। दिवाली के बाद से ही राजधानी में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।
Leave Comments