
नई दिल्ली। देश के दस राज्यों की 54 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज मतदान किया जा रहा है। इनमें मध्य प्रदेश की 28 , गुजरात की 8 और उत्तर प्रदेश की 7 विधानसभा सीटें है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की एक, हरियाणा की एक, झारखंड की दो, कर्नाटक की दो, नगालैंड की दो, ओडिशा की दो और तेलंगाना की एक विधानसभा सीट पर वोटिंग हो रही है। छत्तीसगढ़, झारखंड और नगालैंड को छोड़कर अन्य राज्यों में मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी।
मध्य प्रदेश:
मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य में एक साथ 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। शाम 6 बजे तक मतदान होगा। प्रदेश की 28 सीटों पर 355 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 22 महिला प्रत्याशी हैं। कांग्रेस और बीजेपी के बीच ज्यादातर सीटों पर सीधी लड़ाई मानी जा रही है जबकि कुछ सीटों पर बसपा और निर्दलीय ने त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है। यह उपचुनाव सूबे के शिवराज सरकार की भविष्य का फैसला करेगा तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
गुजरात:
गुजरात की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज वोटिंग हो रही है। उपचुनाव में अब्डासा (कच्छ), लिम्बडी (सुरेंद्र नगर), मोरबी (मोरबी), धारी (अमरेली), गढ़दा (बोटाड), करजन (वडोदरा), डांग (डांग) और कपराडा (वलसाड) विधानसभा सीटें है। इन निर्वाचन क्षेत्रों के कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे दिए जाने के कारण उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इन सभी 8 सीटों पर कुल 18,75,032 मतदाता हैं। मतदाताओं में 9,69,834 पुरुष और 9,05,170 महिला मतदाता हैं। मतदान के लिए कुल 1,807 मतदान केंद्र और 3,024 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
एक बूथ में केवल एक हजार मतदाताओं को ही मतदान करने की अनुमति है। इसके लिए मतदाताओं के लिए लगने वाली कतारों और कर्मचारियों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के मुताबिक चिन्ह बनाए गए हैं। इन बूथों पर 8 हजार से ज्यादा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट दिए गए हैं। इसके अलावा, चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 41 हजार से अधिक रबर के दस्ताने दिए गए हैं। किसी भी मतदाता को बिना दस्ताने पहने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को छूने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लिहाजा उनके लिए 21 लाख से ज्यादा पॉलीएथिलिन वाले दस्ताने उपलब्ध कराए गए हैं।
उत्तर प्रदेश:
उत्तर प्रदेश की सातों सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव में निर्दलीय समेत कुल 88 उम्मीदवार मैदान में हैं। जौनपुर जिले की मल्हनी सीट पर 16 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। अमरोहा जिले की नौगांव-सादात सीट और देवरिया सीट पर 14-14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद की टूंडला और उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर 10-10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कानपुर की घाटमपुर विधानसभा सीट पर सबसे कम छह उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य सरकार में मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई नौगांव-सादात सीट पर बीजेपी से उनकी पत्नी संगीता चौहान को चुनाव मैदान में उतारा है। राज्य सरकार में मंत्री कमला रानी वरुण के निधन के रिक्त हुई घाटमपुर सीट पर बीजेपी से उपेंद्र नाथ पासवान, एसपी से इंद्रजीत कोरी, बीएसपी से कुलदीप संखवार और कांग्रेस से डॉक्टर कृपा शंकर उम्मीदवार हैं।
Leave Comments