
पंबा, 24 दिसंबर, न्यूज़ मंच, केरल के सबरीमाला मंदिर में महिलाओं की भगवान अयप्पा के दर्शन की एक और कोशिश नाकाम हो गई है। सोमवार को मंदिर की तरफ बढ़ रही महिलाओं का परंपरागत श्रद्धालुओं ने भारी विरोध किया, जिसके बाद 50 साल से कम उम्र की दो महिलाओं को पुलिस ने वापस लौटा दिया।
इससे पहले रविवार को भी कुछ महिलाओं ने पंबा से मंदिर जाने का प्रयास किया था, लेकिन लोगों के विरोध के चलते उन्हें लौटना पड़ा था। सोमवार को भी दो महिलाएं पंबा शहर से पहाड़ी की ओर बढ़ने लगीं, जहां सबरीमाला मंदिर स्थित है। महिलाओं के आगे बढ़ते ही उनका जबरदस्त विरोध होने लगा। पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए इन दो महिलाओं को वापस भेज दिया। पुलिस ने बताया कि महिलाएं पहाड़ी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थीं, जिसका वहां मौजूद लोगों ने घोर विरोध किया और हालात नियंत्रण में रखने के लिए इन महिलाओं को वापस ले जाना पड़ा।
रविवार को 11 महिलाओं के एक समूह ने भी मंदिर जाने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें श्रद्धालुओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। महिलाओं के इस समूह का नेतृत्व सेल्वी कर रही थीं, जिनका संबंध तमिलनाडु के मनिति महिला समूह से है। भक्तों द्वारा पहाड़ी पर चढ़ने से उन्हें रोकने और भगाने पर इन महिलाओं को पंबा से मदुरै के लिए वापस जाने को बाध्य होना पड़ा।
Leave Comments