
जयपुर, 17 दिसंबर, न्यूज़ मंच, हिंदी पट्टी के तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनना कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बड़ी उपलब्धि है। सोमवार का दिन उनके लिए विशेष महत्व का दिन है। इस दिन मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में क्रमश: कमलनाथ, भूपेश बघेल और अशोक गहलोत ने शपथ ली। राजस्थान के अलावा बाकी दो राज्यों मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पिछले 15 सालों से सत्ता से बाहर थी।
कांग्रेस ने इस अवसर पर अगले साल होने वाले महागठबंधन के लिए विपक्षी एकता के मंच के रूप में भी इस्तेमाल किया। इस दौरान अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के जमावड़े को जहां विपक्षी एकता की कसौटी पर परखा जा रहा है, वहीं शपथग्रहण के दौरान पहुंच रहे नेताओं की एकजुटता को मान्यता दी जा रही है। जयपुर के अल्बर्ट हॉल में अशोक गहलोत और अन्य लोगों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के बगल में बैठे हैं। खास बात यह है कि इसी में शरद यादव, फारूक अब्दुल्ला, एमके स्टालिन और शरद पवार जैसे विपक्ष के दिग्गज नेता बैठे नजर आए। शपथग्रहण कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी पूर्व पीएम और जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा के साथ गले मिलते नजर आए।
सोमवार को अशोक गहलोत ने राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके साथ सचिन पायलट ने भी डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे। प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह सुबह एयरक्राफ्ट से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे लोग अल्बर्ट हॉल तक एक ही बस में पहुंचे। राहुल गांधी के एयरपोर्ट पहुंचते ही खुद अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने उनका स्वागत किया। बस में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मनमोहन सिंह, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नवजोत सिंह सिद्धू, जितिन प्रसाद समेत यूपीए के कई दिग्गज मौजूद रहे। वहीं डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन, शरद पवार जैसे नेता भी बस में सवार थे। यह तीसरी बार है जब अशोक गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री बने हैं। वह पहली बार 1998 में और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। राजस्थान में यह पहली बार है जब जयपुर के अल्बर्ट हॉल में किसी मुख्यमंत्री के शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, इससे पहले शपथग्रहण समारोह का आयोजन राजभवन में ही होता था। डिप्टी सीएम के पद पर शपथ लेने वाले सचिन इस दौरान अपने पिता स्वर्गीय राजेश पायलट के अंदाज में सिर में लाल पगड़ी बांधे दिखाई दिए। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहीं।
Leave Comments