
लखनऊ। दिल्ली से हाथरस जा रहे पीएफआई संगठन से जुड़े चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से बड़ी मात्रा में भड़़काऊ साहित्य बरामद किया है। पुलिस का आरोप है कि ये लोग हाथरस के बहाने उत्तर प्रदेश को जातीय हिंसा से जलाने की साजिश में शामिल हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि हाथरस प्रकरण में हाथरस जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 6 मुकदमों के अलावा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बिजनौर, सहारनपुर, बुलंदशहर, प्रयागराज, हाथरस, अयोध्या, लखनऊ आयुक्तालय में कुल 13 मामले दर्ज किए गये हैं। प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिल्ली से हाथरस की ओर जा रहे हैं। इस सूचना के बाद टोल प्लाजा के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। स्विफ़्ट डिजायर गाड़ी में सवार चार युवकों को रोक कर पूछताछ की गई तो उनका संबंध पॉपुलर फ्रंट आफ इंडिया (पीएफआई) एवं उसके सहयोगी संगठन कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया (सीएफआई) से होने की जानकारी मिली। पकड़े गए युवकों में मुजफ्फरनगर के नगला का रहने वाला अतीकउर्रहमान, मल्लपुरम का निवासी सिद़दीकी, बहराइच जिले के जरवल का निवासी मसूद अहमद और रामपुर जिले की कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले आलम शामिल हैं।
Leave Comments