
भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होना है, जिसमें से 24 प्रत्याशी घोषित करके भाजपा पर बढ़त बना चुकी कांग्रेस ने बदनावर से घोषित किए गए अपने प्रत्याशी को बदल दिया है। कांग्रेस ने इस सीट पर पहले अभिषेक सिंह टिंकू बना को टिकट दिया था। उनके विरोध को गंभीरता से लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने उनके स्थान पर अब कमल सिंह पटेल को भाजपा प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव का मुकाबला करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
अभिषेक का नाम घोषित होने के बाद से ही विरोध हो रहा था, जबकि कमल पटेल के पक्ष में ज्यादा माहौल था। सूत्रों के अनुसार अंतिम समय में कांग्रेस के एक-दो और प्रत्याशी भी बदले जा सकते हैं। शेष 4 विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस की कसरत लगभग पूरी हो गई है। इनमें से मेहगांव सीट ही ऐसी है, जहां के बारे में निर्णय कांग्रेस महासचिव व पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक करेंगे। भाजपा में भी प्रत्याशी चयन का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली जाकर इस पर चर्चा भी कर चुके हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि सभी 28 सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
कांग्रेस ने 24 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लगभग हर सीट पर प्रत्याशी चयन का काम पूरा कर लिया है। सिर्फ एक मेहगांव सीट पर पेंच फंसा है, जहां मुकुल वासनिक का दखल जरूरी हो गया है। कमलनाथ चौधरी राकेश सिंह को सर्वे के आधार पर टिकट देने का भरोसा दे चुके हैं। दूसरी तरफ दिग्विजय सिंह, डॉ. गोविंद सिंह एवं अजय सिंह राहुल चौधरी का विरोध कर रहे हैं। विरोध की वजह चौधरी का कांग्रेस छोड़ने का तरीका है। इन नेताओं की राय है कि मेहगांव क्षेत्र के स्थानीय नेता जिला पंचायत सदस्य राहुल भदौरिया को टिकट दिया जाए। यहां से एक दावेदार हेमंत कटारे भी हैं। चौधरी एवं कटारे भिंड जिले से तो हैं लेकिन मेहगांव क्षेत्र के नहीं। इसलिए, मेहगांव सीट का टिकट पार्टी आलाकमान से चर्चा के बाद वासनिक तय करेंगे।
चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान जल्द : वासनिक
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा है कि प्रदेश की बची हुई चार सीटों के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कांग्रेस जल्दी कर देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के टिकटों से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 10 नवंबर को आने वाले चुनाव नतीजे राज्य में सत्ता का तख्ता पलट देंगे। कांग्रेस प्रदेश में फिर से सरकार बनाएगी।
कभी भी जारी हो सकती है भाजपा की सूची
भोपाल में प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिल्ली दौरा हो जाने के साथ भाजपा प्रत्याशियों की सूची कभी भी जारी होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। दिल्ली चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश की 28 सीटों के प्रत्याशियों पर भी चर्चा हुई है। शिवराज ने इसमें हिस्सा लिया था। 25 सीटों में कांग्रेस से आए बागियों को टिकट देना तय हो गया है जबकि तीन सीटों के लिए कुछ नामों के पैनल हैं। ये तीन सीटें हैं - जौरा, आगर और ब्यावरा।
जौरा से सूबेदार, आगर से बंटी के नाम तय, व्यावरा पर विवाद
भाजपा ने 3 विधानसभा सीटों के लिए हालांकि पैनल तैयार किया है, फिर भी जौरा से सूबेदार सिंह, आगर सीट से बंटी ऊंटवाल को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। ब्यावरा सीट से सिंगल नाम पर सहमति न बन पाने की खबर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन तीनों सीटों के लिए प्रदेश के नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व से एक और चर्चा करेंगे। ये तीनों सीटें विधायकों के निधन की वजह से खाली हुई थीं।
जल्द होगी प्रत्याशियों की घोषणा: शर्मा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि जल्दी ही प्रदेश के उपचुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होने कहा कि राहुल गांधी के सर्वे में भाजपा हार रही है। सच यह है कि जनता भाजपा के साथ है और कांग्रेस को तो उम्मीदवार ही नहीं मिल रहे हैं। उन्होने कहा कि जनता कांग्रेस का वचन पत्र पहले भी देख चुकी है, कांग्रेस ने क्या किया उसको भी सभी ने देखा है। भाजपा संकल्प पत्र लाएगी। भाजपा जो कहती है वह करती है। भाजपा ने 6 माह में जितना काम किया है उसे लेकर जनता के बीच जाएगी और कांग्रेस के 15 माह के कार्यकाल से तुलना होगी।
Leave Comments