
भोपाल, 11 जनवरी, न्यूजमंच, जिद की वजह से भाजपा को विधानसभा के उपाध्यक्ष का पद भी गंवाना पड़ा है। विधानसभा के अंदर जो नजारा विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के दौरान था, लगभग वही नजारा उपाध्यक्ष के चुनाव में भी दोहराया गया। अंतर केवल इतना था कि अध्यक्ष का का चुनाव भाजपा के बहिष्कार के बीच मत विभाजन के जरिए किया गया था, जबकि उपाध्यक्ष के पद पर हिना कांवरे भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच ध्वनिमत से निर्वाचित घोषित की गईं।
चौहान व भार्गव ने कहा राष्ट्रपति से करेंगे शिकायत
विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति एवं कांग्रेस ने कहा कि उपाध्यक्ष का निर्वाचन नियमों के तहत ही किया गया है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि निर्वाचन के नाम पर मनमानी की गई है। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि वे सभी विधायकों के साथ इसकी शिकायत लेकर राष्ट्रपति के पास जाएंगे।
ऐसे शुरू हुआ हंगामा
स्पीकर ने जब डिप्टी स्पीकर के निर्वाचन से संबंधित प्रस्ताव पढ़ना शुरू किया तो नेता प्रतिपक्ष ने बीच में अध्यक्ष की अनुमति से अपनी बात रखी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रजापति ने कार्रवाई आगे बढ़ाई, तो पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा अपनी बात कहने खड़े हो गए। अध्यक्ष ने कहा कि अब मैं आगे बढ़ गया। पीछे नहीं आ सकता। शर्मा ने पाइंट आफ आर्डर मांगा। विधानसभा अध्यक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी। इस पर विपक्ष गर्भग्रह में आ गया और हंगामा शुरू हो गया।
तीन बार स्थगित की गई कार्यवाही
प्रजापति ने हंगामे के बीच तीन बार सदन की कार्रवाई 10-10 मिनट के लिए स्थगित की। उन्होंने बार-बार कहा कि वे सभी का सम्मान करते हैं और किसी के प्रति भेदभाव नहीं करेंगे। पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, शिवराज सिंह चौहान सहित विपक्ष के सदस्य उन पर भेदभाव करने, तानाशाही करने, विपक्ष को दबाने का आरोप लगा रहे थे। हंगामे के बीच ही उन्होंने ध्वनिमत से हिना कांवरे को डिप्टी स्पीकर पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया।
22 हजार 2 सौ करोड़ से ज्यादा का द्वितीय अनुपूरक बजट भी पारित
विधानसभा की गुरुवार की कार्यसूची में राज्यपाल के अभिभाषण के कृतज्ञता प्रस्ताव एवं द्वितीय अनुपूरक पर चर्चा के लिए क्रमश: 3 एवं 2 घंटे का समय निर्धारित था। पर सबकुछ हंगामे की भेंट चढ़ गया और आधे घंटे के अंदर पूरी कार्यसूची निबटा दी गई। हंगामें में ही 22 हजार 2 सौ करोड़ से ज्यादा का द्वितीय अनुपूरक बजट भी पारित हो गया। राज्यपाल के अभिभाषण के कृतज्ञता प्रस्ताव पर सत्तापक्ष की ओर से हिना कांवरे एवं घनश्याम सिंह ने ही अपनी बात पांच मिनट में रखी। विपक्ष के नरोत्तम मिश्रा का नाम चर्चा के लिए पुकारा गया पर वे नहीं बोले।
Leave Comments