
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नए कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पंजाब के मोगा में खेती बचाओ यात्रा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा अगर सरकार को ये बिल पास करने ही थे, तो सबसे पहले लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कहा कि जिस दिन कांग्रेस सत्ता में आई, उसी दिन इन तीनों काले कानून को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।
कृषि क्षेत्र अंबानी और अडानी को सौंप देना चाहता है केंद्र
राहुल गांधी ने कहा कि वह पंजाब के किसानों को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन किसानों के विरुद्ध दुष्चक्र रच रहा है। कांग्रेस इसके विरुद्ध पूरे देश के किसानों को जागरूक करती रहेगी। राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार एमएसपी खत्म करना चाहती है। वह चाहती है कि खेती का बाजार अंबानी और अंडानी के हवाले कर दिया जाए, लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी।
नए कानूनों से किसान खुश हैं तो प्रदर्शन क्यों हो रहे?
राहुल गांधी ने कहा कि यदि किसान इन नए कानूनों से खुश हैं तो वे प्रदर्शन प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? पंजाब में किसान प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि कोरोना काल में इन तीन कानूनों को लागू करने की क्या जल्दबाजी थी। राहुल ने कहा कि वह मानते हैं कि किसानों की उपज खरीदने के लिए बने मौजूदा सिस्टम में खामी है, लेकिन इस सिस्टम को सुधारने की जरूरत है, इसे नष्ट करने की जरूरत नहीं है। अगर सिस्टम नष्ट हो गया तो किसानों के पास कुछ नहीं बचेगा। किसान को अंबानी और अडानी से बात करनी पड़ेगी। इसमें किसान मारा जाएगा।
Leave Comments