• Last Update 06:13 am

कांग्रेस नेता शिवकुमार के 14 ठिकानों पर सीबीआई ने एक साथ की छापेमारी, 50 लाख कैश बरामद
National
State

कांग्रेस नेता शिवकुमार के 14 ठिकानों पर सीबीआई ने एक साथ की छापेमारी, 50 लाख कैश बरामद

बेंगलुरु।सीबीआई ने कांग्रेस नेता डी के शिवकुमार से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में अनेक परिसरों की तलाशी के दौरान अब तक 50 लाख रुपए बरामद किए हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार सीबीआई आय से अधिक संपत्ति जुटाने से जुड़े मामले में तीन राज्यों में कर्नाटक के कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार से जुड़े 14 स्थानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने एक अन्य एजेंसी के सूत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है। यह जानकारी शिवकुमार के कर्नाटक सरकार में मंत्री रहने के दौरान आय से अधिक संपत्ति जुटाने से संबंधित है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद सीबीआई के दलों ने सोमवार सुबह 14 स्थानों पर तलाशी शुरू की जिनमें कर्नाटक में नौ, दिल्ली में चार और मुंबई में एक स्थान है।
अधिकारियों के अनुसार शिवकुमार, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के परिसरों से तलाशी के दौरान अब तक 50 लाख रुपये बरामद किये गए हैं। सूत्रों के अनुसार जिन परिसरों पर तलाशी की कार्रवाई चल रही है उनमें शिवकुमार के भाई तथा बेंगलुरु ग्रामीण से लोकसभा सदस्य डी के सुरेश की संपत्तियां भी शामिल हैं। सीबीआई के अधिकारी आज सुबह बेंगलुरु में उनके आवास पर तथा कनकपुरा के डोड्डालाहल्ली स्थित उनके परिसरों पर पहुंचे। सीबीआई के एक बयान के अनुसार  कर्नाटक सरकार के तत्कालीन मंत्री और अन्य के खिलाफ आय से अधिक संपत्तियां जुटाने के आरोप में सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। 14 स्थानों पर तलाशी चल रही है जिनमें नौ कर्नाटक में, चार दिल्ली में और एक मुंबई में हैं। 
कांग्रेस नेताओं ने कर्नाटक के सीरा और आर आर नगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले सीबीआई की कार्रवाई के समय पर सवाल खड़ा करते हुए केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर हमला किया है। कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया मोदी-येदियुरप्पा के डराने धमकाने और कुचक्र के कपटपूर्ण खेल को कठपुतली सीबीआई द्वारा डी के शिवकुमार के परिसरों पर छापे मारकर अंजाम दिया जा रहा है, जिससे हम डरने वाले नहीं हैं। सीबीआई को येदियुरप्पा सरकार में भ्रष्टाचार की परतों को उजागर करना चाहिए। लेकिन ‘छापा राज’ ही उनका एकमात्र ‘कुटिल कदम’ है। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments