
अशोकनगर, 17 दिसम्बर न्यूजमंच। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में आज (मंगलवार) दोपहर कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मीडिया के सामने फोटो क्लिक करवाने की होड़ में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई से जुड़ी दो महिला पदाधिकारी आपस में भिड़ गईं। दोनों महिला पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ा की दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ़ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए आपस मे मारपीट का प्रयास किया, हालांकि मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य नेताओं द्वारा बीच-बचाव करने से दोनों महिला पदाधिकारी आपस में हाथापाई नहीं कर पाईं। दोनों महिला पदाधिकारियों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। बाद में एक महिला पदाधिकारी ने इस मामले में सिटी कोतवाली में भी शिकायत की। भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश रघुवंशी ने इस मामले को अनुशासन हीनता बताते हुए दोनों के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही है।
भाजपा ने नागरिकता संसोधन अधिनियम लागू कराने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के विरोध में मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अस्पताल चौराहे से करीब दो सैंकड़ा कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करने वाले थे। इससे बड़ी संख्या में पुलिस कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात हो गई। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही करीब 25 मिनिट तक धरना दिया और इस दौरान पदाधिकारियों ने भाषण भी दिए और प्रदेश के मुख्यमंत्री पर यह अधिनियम लागू न करने की बात कहने पर देश की संप्रभुता, संघीय व्यवस्था और संवैधानिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन करने का आरोप लगाया। साथ ही राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन देकर यह अधिनियम प्रदेश में लागू कराने की मांग की। इसी दौरान मीडिया ने जब फोटों खींचे तो बैठने को लेकर किसान मोर्चा की जिलामंत्री नैना शर्मा और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रचना नायक के बीच आगे बैठने को लेकर विवाद हो गया। जो करीब एक घंटे तक जारी रहा।
विरोध प्रदर्शन से ज्यादा चर्चित रही महिला नेताओं की भिडंत
बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन के चुनाव के बाद यह पहला मौका था जब भाजपा की जिला इकाई प्रदेश सरकार के खिलाफ किसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। नए अध्यक्ष के चयन के बाद जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया जाना है। ऐसी स्थिति में कार्यकारिणी में विभिन्न पदों के दावेदार मंगलवार के विरोध प्रदर्शन में जोर-शोर से शामिल हुए, लेकिन प्रदर्शन के दौरान जब मीडियाकर्मी फोटो क्लिक करने पहुंचे, तो आगे आने की होड़ में भाजपा की दोनों महिला नेता आपस में उलझ गईं। करीब घंटे भर तक हुए दोनों महिला नेताओं के बीच हुए विवाद से भाजपा का विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम फीका हो गया। शहर भर में विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा महिला नेताओं की भिडंत की रही।
दोनों में हुई तीखी बहस, मारपीट का भी प्रयास-
नैना शर्मा ने आरोप लगाया कि रचना नायक ने मुझसे कहा कि दो-दो कौंड़ी की महिलाएं आगे बैठ जाती हैं और 100-100 रुपए में लाई गई महिलाओं को बैठने जगह नहीं है। साथ ही नैना शर्मा ने महिला मोर्चा रचना नायक से कहा कि बहस करते हुए कहा कि दो कौंड़ी की मैं हूं या तूं, तो रचना नायक ने जबाव देते हुए कहा कि तू तो एक बार मुझसे पैसा ले ले और फ्री हो जा। इसी बहस के साथ दोनों में मारपीट का भी प्रयास हुआ, लेकिन बार-बार भाजपा के अन्य पदाधिकारी उन्हें अलग-अलग करने का प्रयास करते रहे। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बमुश्किल दोनों को अलग कर घर भेजा। तब मामला शांत हुआ।
दोनों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप, थाने में भी शिकायत-
कलेक्ट्रेट के सामने बीच सड़क पर करीब एक घंटे तक दोनों महिला नेत्रियों के बीच चले इस विवाद में दोनों ने एक-दूसरे पर शोषण और अभद्रता करने व बेइज्जत करने का आरोप लगाया। वहीं रचना नायक ने नैना शर्मा पर पैसों के लिए ब्लैक मेलिंग का आरोप लगाया और कहा कि नैना शर्मा एक बार 10 हजार रुपए ले भी चुकी हैं। साथ ही जिलामंत्री नैना शर्मा ने महिला मोर्चा पर शोषण व अभद्रता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में भी शिकायत की है और जान का खतरा बताया है।
हर कार्यक्रम में करती हैं बेइज्जती-
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने मुझे दो कौड़ी का कहा और बोलीं कि यह आगे बैठ गईं , 100-100 रुपए में लाई हुई महिलाओं को बैठने जगह नहीं है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गरीब महिला कार्यकर्ताओं का शोषण करती हैं और हर कार्यक्रम में बेइज्जती करती हैं। जब पार्टी बुलाती है, कार्यक्रम में मैं तभी जाती हूं
नैना शर्मा, जिलामंत्री भाजपा किसान मोर्चा
बार-बार करती हैं मुझसे पैसों की डिमांड-
मेरा किसी से कोई विवाद नहीं है, मैने किसी को दो कौड़ी की नहीं कहा। वह मेरे खिलाफ गंदी राजनीति फैला रही हैं, मैं पैसे देकर महिलाओं को क्यों लाऊंगी, जो महिलाएं आईं वह सभी कार्यक्रमों में आती हैं। नैना शर्मा मेरी व पार्टी की छवि को धूमिल कर रही हैं, जिन्होंने पहले मुझसे दो लाख रुपए की मांग कीथी और 10 हजार रुपए मुझसे ले लिए थे। उन्होंने कांग्रेसी महिला से रिकॉर्डिंग कराकर गलत मैसेज पहुंचाए थे।
रचना नायक, जिलाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा
अनुशासनहीनता पर करेंगे कार्रवाई-
उन दोनों की व्यक्तिगत लड़ाई है, दोनों पार्टी पदाधिकारी है। जिन्होंने पार्टी कार्यक्रम में अपनी खुन्नस निकाली। अनुशासन हीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मैं मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई करूंगा।
उमेश रघुवंशी, जिलाध्यक्ष भाजपा अशोकनगर
Leave Comments