
अशोकनगर. 29 अक्टूबर, (न्यूजमंच), मध्यप्रदेश की एक नगरपालिका अध्यक्ष अपने दफ्तर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर लगाकर मुश्किल में पड़ गई हैं। कांग्रेस से जुड़ी इस महिला अध्यक्ष ने नगरपालिका परिषद के सरकारी कार्यालय स्थित अपने चैम्बर में 9 कांग्रेसी नेताओं की तस्वीर लगा रखी थी। चुनाव आचार सहिंता लागू होने के कारण मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की मुंगावली नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष राधा गणेश सोनी के खिलाफ रविवार देर शाम आदर्श चुनाव आचार सहिंता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।
रविवार शाम निर्वाचन दल के उड़न दस्ते द्वारा आदर्श चुनाव आचरण सहिंता के उल्लंघन की शिकायत के बाद नगरपालिका परिषद कार्यालय में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान निर्वाचन उड़न दस्ता ने नगर परिषद कार्यालय स्थित अध्यक्ष के चैंबर में लगी कांग्रेसी नेताओं की 9 तस्वीरों को जब्त किया है, साथ ही सांसद और अध्यक्ष का नाम लिखे वाटर कूलर को भी जब्त कर पुलिस थाने ले गए।
मुंगावली नगर पालिका परिषद कार्यालय में संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम और आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी मिलते ही निर्वाचन उड़ान दस्ता शाम को नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचा। छापामार कार्रवाई के दौरान अध्यक्ष के चैंबर से कांग्रेसी नेताओं की तस्वीरों को जब्त किया। वहीं नगर परिषद कार्यालय के अंदर पिछले गेट के पास रखा वाटर कूलर भी जब्त किया गया है। इस वाटर कूलर पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा सांसद निधि से प्रदत्त लिखा हुआ था, साथ ही अध्यक्ष राधा गणेश सोनी भी लिखा हुआ था। जिसे जब्त करने के बाद टीम सीधे पुलिस थाने पहुंची।
सरकारी ऑफिस में ही संपत्ति विरुपण निवारण अधिनियम के उल्लंघन का मामला मिलने से पुलिस देर शाम तक असमंजस की स्थिति में नजर आई। पुलिस ने देर शाम इस मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को क्लीनचिट देते हुए अध्यक्ष को दोषी माना और अध्यक्ष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। हालांकि राजनैतिक दलों के पदाधिकारी इस मामले में सीएमओ की जिम्मेदारी भी मान रहे हैं।
मुंगावली नगर परिषद अध्यक्ष राधा गणेश सोनी कांग्रेसी हैं और सरकारी कार्यालय स्थित उनके चेंबर में लंबे समय से यह तस्वीरें लगी हुई थीं। उडऩ दस्ता प्रभारी महेश गंगेले ने बताया कि नप अध्यक्ष के चैंबर में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, माधवराव सिंधिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व विधायक स्व.महेंद्रसिंह कालूखेड़ा, अध्यक्ष राधा सोनी व अध्यक्ष पति कांग्रेसी नेता गणेश सोनी की तस्वीरें लगी हुई मिलीं। उन्होंने बताया कि धारा 188 के तहत उडऩ दस्ता ने यह कार्रवाई की है। उडऩ दस्ते में कार्रवाई के दौरान एसआई रवि कौशल भी मौजूद थे।
सवालों के घेरे में सीएमओ-
सीएमओ सतीश मटसेनिया को संपत्ति विरूपण के तहत कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है और सीएमओ ने शहर में घूम-घूमकर कई स्थानों से राजनैतिक होर्डिंग्स-पोस्टरों को भी हटवाया। लेकिन उन्होंने खुद के कार्यालय की ही जांच नहीं की, नतीजतन खुद की ऑफिस की अनदेखी नगर परिषद को महंगी पड़ गई।
क्या कहती है पुलिस
नगर परिषद अध्यक्ष के चैंबर से तस्वीरें जब्त हुई हैं, इसलिए अध्यक्ष के खिलाफ ही आचार संहिता उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। जब जिम्मेदारी है तो सीएमओ ने ऑफिस में जांच क्यों नहीं की, यह विवेचना का पॉइंट है और विवेचना में उनके बयान लिए जाएंगे।
प्रवीण चौहान, थाना प्रभारी मुंगावली
Leave Comments