
कैनबरा। कन्कशन सब्सीटियूट के तौर पर खेल रहे युजवेंद्र चहल की फिरकी, नटराजन की धारदार गेंदबाजी और जडेजा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 11 रन से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मनुका ओवल मैदान में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने केएल राहुल (51)और रविंद्र जेडेजा (44*) की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 150 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया के लिए डी'आर्की शॉर्ट ने 34, एरॉन फिंच ने 35 और मोइसेस हेनरिक्स ने 30 रन की पारी खेली। भारत के लिए युजवेंद्र चहल और टी नटराजन ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट चटकाए। दीपक चाहर को एक विकेट मिला। वहींऑस्ट्रेलिया के लिए मोइसेस हेनरिक्स ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट चटकाए। मिचेल स्वेप्सन और एडम जम्पा को 1-1 विकेट मिला।
इस मैच में रविंद्र जडेजा की जगह युजवेंद्र चहल कन्कशन सब्सटिट्यूट उतरे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए। दरअसल, भारत की पारी के दौरान आखिरी ओवर में मिशेल स्टार्क की गेंद जडेजा के बल्ले का किनारा लेकर उनके हेलमेट मे लगी। इनिंग के बाद वे फील्डिंग के लिए नहीं आए। उनकी जगह युजवेंद्र चहल कन्कशन सब्सटिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे। इस नियम के तहत बैट्समैन की जगह बैट्समैन और बॉलर की जगह बॉलर ही प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया की पारी:
फिंच (35) और डी आर्की शॉर्ट ने आस्ट्रेलिया को मजबूत शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने युजवेंद्र चहल को लगाया और लेग स्पिनर अपने पहले ही ओवर में फिंच का विकेट ले गए। अगले ओवर में चहल ने स्टीव स्मिथ (12) को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। यहां से आस्ट्रेलिया की लय बिगड़ गई। चहल ने जो माहौल बनाया उसे टी. नटराजन ने बनाए रखा। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल (2) जैसे बड़े खतरे को एलबीडब्ल्यू कर भारत को एक और बड़ी सफलता दिलाई। यहां आस्ट्रेलिया का स्कोर 75 रनों पर तीन विकेट हो गया।
यहां आस्ट्रेलिया फंस गई थी और पहले जितनी आसानी से रन बना रही थी अब उसे उतनी ही मुश्किल हो रही थी। आर्की शॉर्ट (34) एक छोर पर थे। वह मोइजेज हेनरिक्स के साथ टीम को जीत दिलाने की कोशिश कर रहे थे। नटराजन ने आर्की शॉर्ट को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच करा आस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया। आर्की शॉर्ट ने हेनरिक्स के साथ मिलकर 38 रनों की साझेदारी की।
अपना आखिरी ओवर लेकर आए चहल ने मैथ्यू वेड (7) को अपना तीसरा शिकार बनाया। चहल ने चार ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट लिए और मैच को आस्ट्रेलिया के हाथों से छीनने में अहम भूमिका निभाई। आस्ट्रेलिया को हेनरिक्स से उम्मीदें थी। दीपक चहर ने उन्हें 18वें ओवर की चौथी गेंद पर 126 के कुल स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर उसकी बची खुची उम्मीदों को तोड़ दिया। चहल के अलावा नटराजन ने भी तीन विकेट लिया। मिशेल स्टार्क (1) को उन्होंने अपना तीसरा शिकार बनाते हुए स्पैल का अंत चार ओवरों में 30 रन देकर तीन विकेट के साथ किया।
भारतीय पारी:
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। लगातार गिरते विकेटों के बीच राहुल शुरू से एक छोर संभाले खड़े थे और स्कोरबोर्ड चला रहे थे। उनके जाने के बाद जडेजा ने इस काम को बखूबी अंजाम दिया। भारत ने आखिरी पांच ओवरों में 64 रन जोड़े और इसी कारण भारत आस्ट्रेलिया के खिलाफ लड़ने लायक स्कोर बना पाया। बाकी कोई और बल्लेबाज टिक नहीं सका। संजू सैमसन ने अच्छी शुरुआत की लेकिन वो उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। सैमसन ने 15 गेंदों पर 23 रन बनाए।
तीसरे ओवर में स्टार्क ने अपनी बेहतरीन यॉर्कर गेंद से शिखर धवन (1) को बोल्ड कर दिया। कप्तान विराट कोहली एक बार फिर लेग स्पिनर के फेरे में फंस गए। इस बार एडम जाम्पा नहीं बल्कि मिशेल स्वेप्सन ने उन्हें अपने जाल में फंसाया। कोहली सिर्फ नौ रन बना पाए। सैमसन ने आते ही अपने शॉट्स लगाए और दूसरे छोर पर खड़े राहुल के साथ मिलकर उन्होंने 38 रन जोड़े। सैमसन, हेनरिक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने प्रयास में स्वेप्सन को कैच दे बैठे।
जाम्पा ने मनीष पांडे को दो रन से आगे नहीं जाने दिया। मनीष के जाने के बाद भारत का स्कोर 90 रनों पर चार विकेट हो गया। राहुल पर तेजी से रन बनाने का दबाव बढ़ रहा था। इसी दबाव को हटाने की कोशिश में वह भी पवेलियन लौट लिए। हेनरिक्स ने राहुल की 40 गेंदों की पारी का अंत किया। राहुल ने पांच चौके और एक छक्का लगाया। पांड्या सिर्फ 16 रन ही बना पाए। अंत में टीम को तेजी से रनों की जरूरत थी और उसकी जरूरत को जडेजा ने पूरा करते हुए सम्मानजनक स्कोर दिया। अपनी नाबाद पारी में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पांच चौके और एक छक्का मारा।
आस्ट्रेलिया के लिए हेनरिक्स ने तीन सफलताएं अर्जित कीं। स्टार्क ने दो विकेट लिए। जाम्पा और स्वेप्सन ने एक-एक विकेट लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।
Leave Comments