• Last Update 06:14 am

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को पीएम मोदी ने दी अंतिम विदाई, 2 बजे के बाद पटना ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
National
Politics
State

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को पीएम मोदी ने दी अंतिम विदाई, 2 बजे के बाद पटना ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और दलित राजनीति के बड़े चेहरे रामविलास पासवान का लंबी बीमारी के बाद बीती शाम नई दिल्ली में निधन हो गया है। 74 साल के रामविलास पासवान पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति से लेकर देश के सभी प्रमुख नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आज ही दो बजे के बाद रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को पटना ले जाया जाएगा।

पीएम मोदी ने किए अंतिम दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रामविलास पासवान को अंतिम श्रद्धांजलि दी। 12 जनपथ स्थित उनके आवास पर रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जहां पर सभी नेता पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी ने इस दौरान चिराग पासवान और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, डॉ। हर्षवर्धन समेत कई अन्य दिग्गज वहां मौजूद हैं।  

 पीएम मोदी, कहा मैंने एक निकट सहयोगी खो दिया
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन की खबर सामने आते ही तमाम राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। पीएम मोदी ने कहा कि मैं अपने निकट सहयोगी और दोस्त को खोकर दुखी हूं। हमारे राष्ट्र में अब एक ऐसा शून्य है जो शायद कभी नहीं भरेगा। रामविलास पासवान जी का निधन एक व्यक्तिगत क्षति है। मैंने एक दोस्त, मूल्यवान सहयोगी और ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जो हर गरीब की गरिमापूर्ण जिंदगी की सुनिश्चित करने के लिए उत्सुक था। पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में एक तस्वीर भी शेयर की है जिसमें वे केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के साथ हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं।


दलितों की आवाज से सत्ता के गलियारों तक
रामविलास पासवान का जन्म 5 जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया में हुआ था। वही उनकी मृत्यु 08 अक्टूबर 2020 को दिल्ली के एक अस्पताल में हुई। रामविलास पासवान देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक थे। उनके पास 5 दशक से भी ज्यादा का संसदीय अनुभव था, जिसमें वह 9 बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सांसद रहे। उन्होंने अपने क्षेत्र में दलितों की आवाज़ बुलंद की, जिसके बाद कई मुकामों पर पहुंचे। रामविलास पासवान कई केंद्र की सरकारों में मंत्री पद पर रहे। 

पटना ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को आखिरी दर्शन के लिए अस्पताल से सुबह लगभग दस बजे उनके आवास 12 जनपथ पर लाया गया।  दोपहर 2 बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को पटना में लोकजनशक्ति पार्टी के कार्यालय लाया जाएगा। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार शनिवार को पटना में किया जाएगा। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments