• Last Update 06:52 am

यूपी में जातीय दंगा भड़काने की साजिश रच रहे हैं विपक्षी दल : सीएम योगी
National
Politics
State

यूपी में जातीय दंगा भड़काने की साजिश रच रहे हैं विपक्षी दल : सीएम योगी

लखनऊ। हाथरस गैंगरेप और मर्डर केस को लेकर सभी राजनीतिनक पार्टियों ने अपने स्तर से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने इस मसले पर €चुप्पी तोड़ते हुए विपक्षी राजनीतिक दलों को करारा जवाब दिया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा जिले की नौगवां सादात सीट के भाजपा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद के दौरान कहा कि कुछ लोग राज्य में किया जा रहे विकास हजम नहीं कर पा रहे हैं। वे देश में और प्रदेश में जातीय और सांप्रदायिक दंगा भड़काने की कोशिश कर रहे है, ताकि वे इसका सियासी लाभ उठा सकें। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर दंगे भड़के तो विकास रुकेगा और विपक्षी दलों को अपनी रोटियां सेकने का मौक़ा मिलेगा। इसी उम्मीद में विभिन्न मुद्दों को आधार बना कर साजिश रच रहे हैं।

जिन्हें विकास से सरोकार नहीं, वे कर रहे हैं साजिश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोगों को विकास से कोई लेना देना नहीं है। देखा जाए तो उनका कभी विकास से कोई सरोकार ही नहीं रहा है। ऐसे लोगों को भाजपा सरकारों द्वारा किया जा रहा काम पच नहीं रहा है। इसलिए वे दंगे कराने की साजिशें रच रहे हैं। ऐसे लोग रोज दंगे कराने की साजिशें रच रहे हैं, इनसे सतर्क रहें, इनकी साजिशों को बेनकाब करें। उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों को जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण इस बार का चुनाव बिल्कुल अलग तरह का होगा। बड़ी सभाएं नहीं होंगी। लिहाजा सारा फोकस 100 प्रतिशत बूथों के गठन और चार-पांच की टोलियां बनाकर घर-घर गहन जनसंपर्क करने पर होना चाहिए।

दो वर्ष में देंगे हर परिवार के एक युवा को काम
केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित के जो कार्य किए हैं, उन्हें जनता को बताना होगा।  लोगों को यह भी बताएं कि हमने अब तक तीन लाख से अधिक युवाओं की सरकारी नौकरी का सपना साकार किया है, जबकि इतने ही और युवाओं को सरकारी नौकरी शीघ्र ही देने जा रहे हैं। 20 लाख से अधिक युवा रोजगार- स्वरोजगार के लिए सरकारी प्रोत्साहन प्राप्त कर चुके हैं। दो वर्ष के भीतर हर परिवार के एक युवा को रोजगार देने की योजना पर काम चल रहा है।


ऐसा दंड मिलेगा जो भविष्य में बनेगा उदाहरण
इससे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर अकाउंट से उन आलोचनाओं का जवाब देने की कोशिश की है जिनमें यूपी में महिलाओं की सुरक्षा को कमजोर बताया गया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश में माताओं-बहनों के सम्मान-स्वाभिमान को क्षति पहुंचाने का विचार मात्र रखने वालों का समूल नाश सुनिश्चित है। महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान को नुकसान पहुंचाने वालों को उनकी सरकार बख्शेगी नहीं। हर हाल में उन्हें दंड मिलेगा। ये दंड ऐसा होगा जो भविष्य में उदाहरण बन जाएगा।
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments