• Last Update 05:38 am

चीन से तनाव के बीच फुलड्रेस रिहर्सल में वायुसेना के विमानों ने दिखाई अपनी ताकत
National

चीन से तनाव के बीच फुलड्रेस रिहर्सल में वायुसेना के विमानों ने दिखाई अपनी ताकत

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना अपना 88वां वायुसेना दिवस 8 अक्टूबर को मनाएगी। इसे लेकर मंगलवार को हिंडन हिंडन एयरबेस पर फुलड्रेस रिहर्सल किया गया। कोरोना काल में आयोजित की गई रिहर्सल में वायुसेना के 56 विमानों और हेलिकॉप्टरों ने जमीन से आसमान तक अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसमें सबसे बड़े आकर्षण का केंद्र रहा वायुसेना के बेड़े में हाल ही में शामिल किया गया राफेल विमान। इस कार्यक्रम में पहले बड़ी भीड़ जुड़ती थी, लेकिन इस बार कोरोना की वजह से वायुसेना के बाहर के लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया। 

तेजस, सुखोई, मिराज-2000, जगुआर ने दिखाए करतब
गौरतलब है कि फ्रांस से 5 राफेल लड़ाकू विमानों का पहला बैच जुलाई में भारत पहुंचा है। जल्द ही सभी 36 विमान वायुसेना को मिलने वाले हैं। रिहर्सल के दौरान राफेल के साथ वायुसेना के तेजस, सुखोई, मिराज-2000, जगुआर और मिग-21 बाइसन जैसे लड़ाकू विमानों ने भी हिंडन के आसमान से उड़ान भरी। इसके अलावा वायुसेना के दो सबसे बड़े मालवाहक विमानों सी-17 ग्लोबमास्टर और सी-130जे हरक्युलिस ने भी हिंडन के आसमान में युद्ध के दौरान अपनी उपयोगिता का प्रदर्शन किया।


चिनूक और अपाचे ने भी दिखाया अपना दम 
इस दौरान वायुसेना के बेड़े में हाल ही में शामिल किए गए चिनूक और अपाचे अटैक हेलिकॉप्टरों ने भी अपनी हवाई ताकत दिखाई। वायुसेना के विंटेज विमान डकोटा, टाइगर मॉथ और हावर्ड ने भी आकाश में अपना दम दिखाया। आठ अक्टूबर को वायुसेनादिवस का औपचारिक कार्यक्रम हिंडन में आयोजित किया जाएगा।  

सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आयोजित किया गया कार्यक्रम
कोरोना महामारी की वजह से इस बार फुल ड्रेस रिहर्सल में दो गज की दूरी और मॉस्क लगाने के नियम का कड़ाई से पालन किया गया। कार्यक्रम में मेहमानों के बैठने के लिए कुर्सियां भी दूर-दूर लगाई गई थीं। हर बार की तरह समारोह को बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और अन्य लोग भी नहीं देख सके। वायुसैन्यकर्मियों के परिवारों को ही कार्यक्रम देखने के लिए करीब 3000 लोगों को पास जारी किए गए थे।  

वायुसेना दिवस के मुख्य अतिथि होंगे जनरल रावत 
8 अक्टूबर को हिंडन में आयोजित किए जाने वाले समारोह में सीडीएस जनरल विपिन रावत, तीनों सशस्त्र सेनाओं के प्रमुख, पूर्व क्रिकेटर और वायुसेना के मानद ग्रुप कैप्टन सचिन तेंदुलकर और कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कोरोना के खतरे को देखते हुए उनके लिए शारिरिक दूरी के नियम के हिसाब से ही खास इंतजाम किए जाएंगे।    
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments