
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय ने कोरोना संकट के कारण भीषण आर्थिक तंगी से घिरे राष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज सुनील चौहान और उनके तीरंदाज भाई नीरज चौहान को पांच-पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू ने बताया कि प्रतिभाशाली मुक्केबाज सुनील और उनके तीरंदाज भाई नीरज का परिवार, कोरोना संकट के कारण पिता की नौकरी छूट जाने की वजह से भीषण आर्थिक संकट का शिकार हो गया था।
सब्जी बेचने पर मजबूर हो गया था परिवार
खेल मंत्रालय ने खिलाड़ियों की आर्थिक मदद के लिए गठित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कल्याण कोष से चौहान बंधुओं को पांच-पांच लाख रूपए की वित्तीय सहायता मुहैया कराने का निर्णय लिया है। खेल मंत्री किरन रिजिजू ने कहा उत्तर प्रदेश के इन प्रतिभाशली खिलाड़ियों को यह वित्तीय सहायता जल्द से जल्द जारी कर दी जाएगी।
दोनों भाईयों ने खेलों में किया अच्छा प्रदर्शन
तीरंदाज नीरज चौहान ने देश के लिए 2018 में सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनिशप में 50 मीटर स्पर्धा में रजत पदक के अलावा 2020 में 65वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भी पदक हासिल किया। जबकि मुक्केबाद सुनील चौहान ने इसी साल शुरू हुए खेलो इंडिया के तहत विश्वविद्यालय खेलों में मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक हासिल किया है। कोरोना महामारी की वजह से इन खिलाड़ियों के पिता की नौकरी चली गई, जिसके बाद उनका परिवार सब्जी बेचने पर मजबूर हो गया था।
सुनील बोले वित्तीय मदद से मिला बड़ा सहारा
खेल मंत्रालय द्वारा वित्तीय सहायता के ऐलान की खबर मिलने पर मुक्केबाज सुनील चौहान ने कहा सरकार की ओर से दी गई इस वित्तीय सहायता से मुझे और मेरे परिवार को बड़ा सहारा मिला है। इसके लिए सुनील ने खेल मंत्री रिजिजू का व्यक्तिगत रूपसे आभार जताया है, जिन्होंने उनके संकट पर संज्ञान लिया। खेल मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा है कि कोई भी जरूरतमंद खिलाड़ी जो वित्तीय सहायता चाहता है, खेल मंत्रालय की वेबसाइट के माध्यम से मदद के लिए आवेदन कर सकता है।
Leave Comments