
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से उम्मीदवारों का ऐलान किए जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने पटना में पार्टी के हिस्से में आई सभी 115 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी कर दी। जेडीयू ने पटना की मोकामा सीट से राजीव लोचन नारायण सिंह उर्फ अशोक को चुनाव मैदान में उतारा है। इस पर राजीव लोचन का मुकाबला राजद के अनंत नारायण सिंह उर्फ छोटे सरकार से होगा।
जेडीयू को मिलीं 122 सीटें, इनमें सात हम को
जेडीयू ने सुपौल की त्रिवेणीगंज सीट से वीणा भारती, अररिया से शगुफ्ता आलम, पूर्णिया की रुपौली सीट से बीमा भारती और पूर्णिया की ही धमदाहा सीट से लेसी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। जेडीयू ने मधेपुरा के आलमनगर से नरेंद्र नारायण यादव, सिंहेश्वर से रमेश ऋषिदेव, सोनवर्षा से रत्नेश सदा, मुजफ्फरपुर के गायघाट से महेश्वर प्रसाद यादव और दरभंगा के बहादुरपुर से मदन सहनी को चुनाव मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि जेडीयू-भाजपा गठबंधन में सीट को लेकर हुए समझौते के मुताबिक जेडीयू के खाते में 122 सीटें आई थीं।
इनमें से जेडीयू ने अपने कोटे से 7 सीटें जीतनराम मांझी की पार्टी हम को दे दी थी। जेडीयू ने 115 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा को 243 में से 121 सीटें मिली थीं। भाजपा ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को अपने कोटे की सीटों में से 11 सीटें दे दी हैं। भाजपा 110 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। भाजपा ने एक दिन पहले ही अपने कोटे की 110 में से पहले 27 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था। इन सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण में 28 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।
राजद ने भी जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पहले चरण के चुनाव के लिए 42 उम्मीदवारों की सूची आखिरकार जारी कर दी है। पहले चरण के मतदान के लिए के लिए नामांकन का आखिरी दिन 8 अक्टूबर है। राष्ट्रीय जनता दल ने सूची जारी करने से पहले ही अपने कई उम्मीदवारों को सिंबल दे दिया था। पार्टी के कई उम्मीदवार नामांकन भी कर चुके हैं। पहले चरण के लिए जिन उम्मीदवारों ने अपना नामांकन नहीं किया है। उन्हें कल तक पर्चा भरना पड़ेगा। राजद ने जमुई सीट से विजय प्रकाश को टिकट दिया है। भाजपा ने इस सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह को टिकट दिया है।
मोकामा से चुनाव लड़ेंगे अनंत सिंह
मोकामा से अनंत सिंह को टिकट मिला है। अनंत सिंह नामाकंन भी कर चुके हैं। पार्टी ने शेखपुरा से विजय सम्राट को टिकट दिया है। राजद के टिकट पर नवादा से विभा देवी चुनाव लड़ रही हैं। राजद ने पहले चरण में तीन मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इनमें गोविंदपुर सीट से मोहम्मद कामरान, रफीगंज से मोहम्मद नेहालुद्दीन, और बांका सीट से डॉ जावेद अंसारी शामिल हैं। बता दें कि पहले चरण के 16 जिलों की 71 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए एक अक्टूबर से नामांकन शुरू हो गया है। पर्चा भरने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। कैंडिडेट 12 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं, प्रथम चरण के लिए 28 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।
पाला बदल लोजपा में आए रामेश्वर चौरसिया
बिहार चुनाव में गठबंधन और टिकटों की तस्वीर साफ होते ही दल-बदल का खेल शुरू हो गया है। बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर चौरसिया चिराग पासवान की लोजपा में शामिल हो गए हैं। लोजपा में शामिल होने के बाद रामेश्वर चौरसिया जेडीयू के प्रति हमलावर हो गए हैं। लोजपा में शामिल होते ही रामेश्वर चौरसिया ने कहा जेडीयू को वोट देना पाप है। उन्होंने कहा अब बिहार में लोजपा-भाजपा की सरकार बनेगी। बता दें कि मंगलवार को भी बीजेपी के एक नेता एलजेपी में शामिल हुए हैं। दरअसल एलजेपी बीजेपी के असंतुष्टों को अपने पाले में करने की कोशिश में लगे हैं, ताकि उन्हें बीजेपी के वोटों का फायदा मिल सके। मंगलवार को जब बीजेपी और जेडीयू के नेता सीट शेयरिंग को लेकर पीसी कर रहे थे उसी वक्त बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने एलजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बीजेपी छोड़ने की उनकी वजह ये रही कि उनकी दिनारा सीट जेडीयू के कोटे में चली गई। जेडीयू ने उन्हें दिनारा सीट से उतारने का भरोसा दिया है।
Leave Comments