
छिंदवाड़ा, 31 दिसंबर, न्यूज़ मंच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ सोमवार को अपने गृह जिले छिंदवाड़ा पहुंचे और अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वह गायों को गोशाला में देखना चाहते हैं, न कि राज्य की सड़कों पर। उन्होंने सोमवार को यहां एक समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से कहा कि वह राज्य के प्रत्येक जिले में गौ आश्रमों को देखना चाहते हैं।
मुख्य मंत्री ने यहां अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान कहा, "मैं सड़कों पर गौ माता (गायों) को नहीं देखना चाहता हूं, इसके बजाय, मैं उन्हें गौशालाओं (आश्रयों) में देखना चाहता हूं।"
हर पंचायत में गाय शेड बनाने का किया गया था वादा:
कमलनाथ छिंदवाड़ा से नौ बार के लोकसभा सांसद हैं और 17 दिसंबर को सीएम के रूप में शपथ ली। इस साल 28 नवंबर के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में राज्य की हर पंचायत में गाय के शेड बनाने का वादा किया था। इसपर कमलनाथ ने कहा था कि गाय की बात करने वाली बीजेपी ने गायों के लिए कुछ नहीं किया है।
सड़को पर दुर्घटना का शिकार होती गायें:
राज्य की सड़कों पर गायें बहुत अधिक मात्रा में दिखाई देने लगी हैं. गायों की बढ़ती संख्या ट्रैफिक जाम के साथ-साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही हैं। इसके अलावा आवारा गोवंश किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। गोवंशों के गोशालाओं में रहने से इससे भी निजात मिल जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान, नाथ ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश, विशेष रूप से छिंदवाड़ा में बागवानी और फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी कहा।
स्वामी अखिलेश्वरानंद ने भी की थी राज्य सरकार से ऐसी मांग:
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के कैबिनेट मंत्री स्वामी अखिलेश्वरानंद ने मध्य प्रदेश सरकार से गाय के लिए अलग से मंत्रालय गठन करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था, राज्य के मुख्यमंत्री भी एक किसान हैं। मुझे जनता का पूर्ण समर्थन प्राप्त है, मैं मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाता हूं कि हम सभी लोग इस कार्य में मुख्यमंत्री जी की मदद करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अब राज्य में गौ मंत्रालय बनना ही चाहिए। जिससे गौ माता की सुरक्षा हो सकेऔर राज्य सरकार उनपर बेहतर ध्यान दे सके।
Leave Comments