• Last Update 06:12 am

फर्जी काम करती है कांग्रेस, अशोकनगर में दिया ऐसे फर्जी व्यक्ति को टिकिट, जो जातियां बदलकर लड़ता है चुनाव: सीएम
Politics

फर्जी काम करती है कांग्रेस, अशोकनगर में दिया ऐसे फर्जी व्यक्ति को टिकिट, जो जातियां बदलकर लड़ता है चुनाव: सीएम

"कांग्रेस फर्जी काम करती है, अशोकनगर में ऐसे फर्जी व्यक्ति को टिकिट दिया है, जो अलग-अलग जातियां बदलकर चुनाव लड़ता है।" यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार दोपहर चन्देरी विधानसभा के नईसराय कस्बे में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कही।

सीएम शिवराज सिंह चौहान रविवार को अशोकनगर की मुंगावली और चन्देरी विधानसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों क्रमशः डॉ केपी यादव एवं भूपेंद्र द्विवेदी के पक्ष में वोट मांगने पहुँचे थे।

सीएम ने मुंगावली विधानसभा के पिपरई एवं चन्देरी विधानसभा के नईसराय कस्बे में जनसभाएं ली। दोनों ही सभाओं में सीएम ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। चन्देरी विधानसभा के नईसराय कस्बे में जनसभा के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अशोकनगर विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस फर्जी काम करती है, अशोकनगर में ऐसे फर्जी व्यक्ति को टिकिट दिया है, जो अलग-अलग जातियां बदलकर चुनाव लड़ता है।

उल्लेखनीय है कि अशोकनगर से कांग्रेस प्रत्याशी जजपाल सिंह जज्जी पर फर्जी जाती प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव लड़ने का आरोप है। छानबीन समिति द्वारा जज्जी के जाति प्रमाणपत्र को निरस्त कर उन पर आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, हालांकि जज्जी ने छानबीन समिति के इस निर्णय के विरुद्ध ग्वालियर हाई कोर्ट की डबल बैंच से स्थगन आदेश हासिल कर लिया था, जिससे वह चुनावी मैदान में कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। 

सीएम ने मुंगावली विधानसभा के पिपरई एवं चन्देरी विधानसभा के नईसराय में कांग्रेस पर जमकर बरसे। कांग्रेस के एड कैम्पेन "मुझे गुस्सा आता है"; पर कांग्रेसी नेताओं ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह का मजाक उड़ाते हुए सीएम ने कहा कि राजा- महाराजाओं को गुस्सा आता है, क्योंकि इन्होंने कभी प्रदेश की सेवा नहीं की। इनकी सरकार ने प्रदेश की सभी सड़कें खोद दीं, मैंने डेढ लाख किलोमीटर सड़कें बनाकर जनता को दे दीं, इसलिए कांग्रेस को गुस्सा आता है। सीएम ने कांग्रेसियों के खिलाफ़ निशाना साधते हुए कहा कि जितने काम भाजपा की सरकार ने पन्द्रह साल में किए हैं, कांग्रेस ने कभी किए क्या...? 

उन्होंने कहा कि मैं किसान का कर्जा माफ करता हूं, तो इनको गुस्सा आता है, मैं प्रदेश में विकास की बात करता हूं,तो इनको गुस्सा आता है, मैं किसान को बिजली मुफ्त देता हूं, तो इनको गुस्सा आता है, मैं जनकल्याणकारी योजनाएं बनाता हूं, तो इनको गुस्सा आता है।

सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नींद में भी मुझे याद करते हैं और कहते हैं और गाना गाते हैं कि हे कुर्सी तेरे बिना भी क्या जीना। इसी के साथ इसके अलावा उन्होंने मंच से फ़िल्मी गाना गुनगुनाते हुए भी कांग्रेस का मजाक उड़ाया की कांग्रेसी कुर्सी के प्रेम में गाना गाते हैं, करवटें बदलते रहे सारी रात हम आपकी कसम।

कांग्रेस द्वारा सीएम कैंडिडेट नहीं चुन पाने के मुद्दे पर भी सीएम कांग्रेसियों पर चुटकी लेते नजर आए, उन्हीने कहा कि जो पार्टी अपना नेता तय नही कर पाई, वह सरकार चला सकती है क्या..? इनके नेता कहीं सिंधिया सरकार कहते हैं, तो कहीं कमलनाथ सरकार, कहीं अजय सिंह की सरकार, तो कहीं भूरिया और पचौरी सरकार सुनाई देता है।

सभा को सम्बोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह ने भाजपा के घोषणा पत्र में की गई घोषणाओं और केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही, पुरानी योजनाओं के बारे में बताते हुए भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। अपने दौरे के दौरान सीएम ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को झटका भी दे डाला। सीएम ने सांसद सिंधिया के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिंह यादव को भाजपा में शामिल कर लिया। नरेंद्र सिंह यादव के साथ कई सरपंचों ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा।

You can share this post!


Leave Comments