
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लाए गए तीन कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस इन दिनों पंजाब में ट्रैक्टर यात्रा निकाल रही है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी भी हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को पंजाब के भवानीगढ़ से समाना के लिए ट्रैक्टर यात्रा की शुरूआत हुई। इस दौरान राहुल ने स्वयं ट्रैक्टर चलाया और कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कानूनों से देश के किसान मुसीबत में फंस जाएंगे.
खेती बचाओ यात्रा की शुरुआत से पहले राहुल गांधी ने पंजाब में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा 6 साल से यह सरकार गरीबों, मजदूरों और किसानों पर एक के बाद एक आक्रमण कर रही है। अगर आप इनकी नीतियां देखें तो एक भी नीति ऐसी नहीं है जो गरीब जनता को फायदा पहुंचा सके।
राहुल गांधी ने कहा नोटबंदी के बाद जीएसटी लाए, अब आप किसी भी छोटे दुकानदार या छोटे व्यापारी से पूछिए कि जीएसटी से क्या हुआ। आज तक छोटा दुकानदार या व्यापारी जीएसटी को समझ नहीं पाया है। कोरोना काल में हुई दिक्कतों की बात उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कोरोना के समय में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि गरीबों की मदद कीजिए, भूखे मजदूर हजारों किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। हमने कहा कि छोटे व्यापारियों की मदद कीजिए लेकिन मोदी ने कोई कदम नहीं उठाया।
राहुल गांधी ने कहा मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इन कानूनों को इस संकट के समय ही क्यों लाया गया? जल्दी किस बात की थी? इसलिए क्योंकि मोदी जी जानते हैं कि अगर किसान और मजदूर के पेट पर कुल्हाड़ी मारी जाए तो वो घर से बाहर नहीं निकल पाएगा। नरेंद्र मोदी जी सिर्फ इस सिस्टम को नष्ट कर रहे हैं। जहां उन्हें एमएसपी की गारंटी देनी चाहिए वहीं इन तीन कानूनों से वह किसानों और मजदूरों को मार रहे हैं, उनका गला काट रहे हैं.
राहुल गांधी कहा किसान के पास बस दो ही विकल्प रह गए हैं- अडानी या अंबानी। अब आप ही बताइए क्या एक किसान उनसे लड़ सकता है? क्या उनसे बातचीत कर सकता है? बिलकुल नहीं, सब खत्म हो जाएगा और यही मोदी जी चाहते हैं। मैं यहां सिर्फ किसानों और मजदूरों के लिए नहीं नहीं खड़ा बल्कि हिंदुस्तान की समस्त जनता के लिए खड़ा हूं क्योंकि नुकसान सिर्फ किसान या मजदूर वर्ग का नहीं बल्कि पूरे देश का होने जा रहा है। पीएम मोदी आपको समझना होगा कि किसान-मजदूर की शक्ति क्या है, ये अब कोरोना के डर से घर पर नहीं बैठने वाले. वे सड़कों पर उतरेंगे, आपकी सरकार के खिलाफ लड़ेंगे और इन कानूनों को रद्द करके दिखाएंगे।
वहीं जब भवानीगढ़ से चलकर राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा समाना पहुंची तो रैली स्थल पर लोगों की संख्या उम्मीद से काफी कम नजर आई। राहुल की रैली में इस दौरान खाली कुर्सियां नजर आईं। राहुल गांधी ने समाना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा लोगों ने अपने बैंक अकाउंटों में पैसा रखा लेकिन उस पैसे का दुरुपयोग कुछ खास लोगों के कर्ज को माफ करने में किया गया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार झूठ बोल कर किसानों को बरगलाने की कोशिश कर रही है।
Leave Comments