
नई दिल्ली, 11 दिसंबर, न्यूज़ मंच, हालांकि अभी चुनाव आयोग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के चुनावी नतीजे साफ नहीं किए हैं लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिंदी पट्टी के तीनों राज्यों में जीत का दावा कर दिया है। राहुल गांधी ने पांच राज्यों के चुनावों में परिणामों और रुझानों पर कहा है कि बीजेपी को आज भी हराया है और 2019 में भी हराएंगे। हालांकि राहुल ने बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे के उलट बोलते हुए कहा कि विचारधारा की लड़ाई है लेकिन हम किसी को भारत से मुक्त नहीं करना चाहते हैं। राहुल ने यह भी कहा कि इस जीत के बावजूद ईवीएम पर सवाल बना हुआ है। संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा भाजपा की एक विचारधारा है। हम इसके खिलाफ लड़ रहे हैं और उसे पराजित करेंगे। हमने उन्हें आज हराया है और हम उन्हें 2019 में भी हराएंगे लेकिन हम किसी को भारत से मुक्त नहीं करना चाहते हैं।
निवर्तमान सीएम से कहा उनके कामों को आगे बढ़ाएंगे
राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना और मिजोरम में हमारी हार हुई, वहां जो चुनाव जीते हैं उनको बधाई देना चाहता हूं। कांग्रेस अध्यक्ष ने बाकी राज्यों में जीत का क्रेडिट कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, किसानों, छोटे दुकानदारों को दिया। राहुल ने कहा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हमने भाजपा के लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों को हराया है। मैं उन्हें आश्वासन देना चाहता हूं कि कांग्रेस मुख्यमंत्री उनके द्वारा शुरू किए गए जनहित के कामों को आगे बढ़ाएंगे। हम उन्हें केवल इस आधार पर खारिज नहीं करेंगे कि इन्हें पूर्ववर्ती सरकार ने शुरू किया है।
राफेल डील और नोटबंदी घोटाला, आगे भी उठाऊंगा आवाज'
राहुल ने कहा कि राफेल डील और नोटबंदी एक बड़ा घोटाला है और वह इसके खिलाफ आगे भी आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा हमारे नौजवानों के भविष्य का सवाल है। हमें देखना होगा कि जिस संख्या में हर साल युवा तैयार हो रहे हैं, उस मात्रा में रोजगार निर्मित हो रहे हैं कि नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार देने का जो वायदा किया था, वह टूट गया है। उन्होंने उसे पूरा नहीं किया है। किसानों के अंदर भी ऐसा ही भाव है। उन्हें अपना भविष्य नहीं दिख रहा है। देश के लोगों के अंदर यह भाव आ गया है कि पीएम मोदी ने जो वादा किया है उसे पूरा करने की क्षमता नहीं है।
ईवीएम को लेकर अब भी शंका बरकरार
राहुल गांधी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन ईवीएम को लेकर अब भी लोगों में चिंता का भाव है। राहुल ने कहा ईवीएम का सवाल उठ रहा है, लोग ईवीएम को लेकर असंतुष्ट हैं। हम जरूर चुनाव जीते हैं लेकिन ईवीएम से जुड़ा मुद्दा बना हुआ है। ईवीएम के रूप में आपके पास पूरे देश में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम है, ईवीएम में चिप है, उसे पूरे देश के चुनाव को एक साथ प्रभावित किया जा सकता है। इसीलिए दूसरे मुल्कों ने ईवीएम पर बैलेट पेपर को तरजीह दी है। ईवीएम का सवाल टेबल से नहीं उतरा है। राहुल गांधी ने सोमवार को विपक्षी दलों की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष एकजुट है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस जिन प्रदेशों में जीत रही है वहां मुख्यमंत्री को लेकर कोई विवाद नहीं है।
Leave Comments